अजनाला और मोगा से लड़ेंगे अमृतपाल के 2 जेल साथी! ‘वारिस पंजाब दे’ ने जारी की उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट

Summary :

पंजाब चुनाव 2027 के लिए 'अकाली दल वारिस पंजाब दे' ने अपने दो और प्रत्याशी घोषित किए हैं। जेल में बंद सांसद अमृतपाल सिंह के करीबी दलजीत कलसी और गुरमीत सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है।

Akali Dal Waris Punjab De candidates

Akali Dal Waris Punjab De candidates : पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 की सियासी सरगर्मियों के बीच अकाली दल वारिस पंजाब दे संगठन ने बुधवार, 12 अगस्त को अपने दो नए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी. जेल में बंद संगठन के प्रमुख और खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह की पार्टी अब विधानसभा चुनाव में अपनी ताकत झोंकने की पूरी तैयारी कर रही है.

हाल ही में संगठन ने पूर्व में बेअदबी और इंदिरा गांधी हत्याकांड से जुड़े मामलों की वजह से चर्चा में रहे केहर सिंह के बेटे सतवंत सिंह को भी बस्सी पठाना सीट से टिकट दिया था. नए टिकट बंटवारे के बाद सीमावर्ती इलाकों की सियासत गरमा गई है.

अजनाला और मोगा सीट से दो करीबियों पर दांव

ताजा ऐलान के तहत संगठन ने अमृतपाल सिंह के बेहद करीबी और पंजाबी अभिनेता दलजीत कलसी को अमृतसर की अजनाला विधानसभा सीट से मैदान में उतारा है. वहीं मोगा सीट से उनके दूसरे सहयोगी गुरमीत सिंह बुक्कनवाला को प्रत्याशी घोषित किया गया है.

गौर करने वाली बात यह है कि ये दोनों ही नेता पूर्व में असम की डिब्रूगढ़ जेल में अमृतपाल के साथ रासुका (NSA) के तहत बंद थे. हालांकि पिछले वर्ष इन पर से NSA हटा लिया गया था, लेकिन 2023 के चर्चित अजनाला थाना हिंसा मामले में दोनों फिलहाल पंजाब की जेल में बंद हैं.

2027 के महासमर में चारकोणीय मुकाबले के आसार

साल 2022 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने प्रचंड बहुमत हासिल कर इतिहास रचा था, जबकि कांग्रेस, बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल को करारी शिकस्त झेलनी पड़ी थी. 2027 के आगामी दंगल के लिए रणनीतियां साफ दिखने लगी है. ऐसे में वारिस पंजाब दे ने भी लोगों को चौंकाया है.

यह भी पढ़ें – Harbhajan Singh Post Controversy: फर्जी वीडियो से पंजाब को बदनाम करने की साजिश, हरभजन सिंह की पोस्ट पर पंजाब पुलिस की सच्चाई

Rohit Singh

रोहित सिंह पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, समाज, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और शैक्षणिक लेख लिखने में दिलचस्पी रखते हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से पोलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन और जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं।