लुधियाना : बीती रात पंजाब के दीनी मरकज जामा मस्जिद लुधियाना में शब-ए-बरात के पवित्र मौके पर एक धार्मिक समारोह का आयोजन किया गया, जिसके अध्यक्षता पंजाब के शाही इमाम मौलाना हबीब-उर-रहमान सानी लुधियानवी ने की। समारोह का संचालन गुलाम हसन कैसर ने किया व समारोह की शुरूआत पवित्र कुरान शरीफ की तीलावत से कारी मुहम्मद मोहतरम ने की। इस मौके पर लुधियाना से सांसद रवनीत सिंह बिट्टू, नायब शाही इमाम मौलाना उसमान रहमानी, मौलाना महबूब आलम गौरखपुरी, मुफ्ती जमालुद्दीन, कारी इब्राहिम, मौलाना सुलेमान व शाही इमाम के मुख्य सचिव मुहम्मद मुस्तकीम विशेष रूप से उपस्थित थे।
शब-ए-बरात के मौके पर जामा मस्जिद में उपस्थित सैकड़ों मुस्लमानों को सम्बोधित करते हुए पंजाब के शाही इमाम मौलाना हबीब-उर-रहमान सानी लुधियानवी ने कहा कि इस रहमतों वाली रात में हर मुस्लमान को चाहिए कि वह अपने खुदा से अपने गुनाहों की माफी मांगे, क्योंकि अल्लाह बहुत बड़ा रहम करने वाला है। उन्होंने कहा कि हम सबको अल्लाह के बताए हुए नेक रास्ते पर चलते हुए गरीब लोगों की सहायता करनी चाहिए और कोशिश करनी चाहिए कि हमारी वजह से किसी के दिल को ठेस न पहुंचे।
शाही इमाम ने कहा कि अल्लाह सभी इन्सानों का रब है और प्रत्येक व्यक्ति के लिये अल्लाह की जात 70 माताओं से ज्यादा प्रेम करने वाली है। उन्होंने कहा कि रब कभी नहीं कहता कि उसका बन्दा परेशान हो पर इन्सान ही अपने गलत कर्मों की वजह से खुद को मुसीबत में डाल लेता है। उन्होंने कहा कि आज की रात जो भी व्यक्ति अल्लाह से अपने गुनाहों की माफी मांगता है उसे अल्लाह ताआला माफ कर देते है।
शब-ए-बरात के मौके पर मुसलमानों के भारी जनसमूह को संबोधित करते हुए रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि यह रात बड़ी ही बरकतों वाली रात है। इस रात में सभी लोगों को चाहिए कि अपने गुनाहों की तौबा करे। उन्होनें कहा कि हर एक व्यक्ति से जीवन में गलतियां होती हैं माफी मांग कर जीवन को नए सिरे से शुरु करना ही नेकी का रास्ता है।
इस दौरान जामा मस्जिद लुधियाना के बाहर की रौनक देखने योग्य थी और शहर भर की सभी मस्जिदो की भी रौनक देखते ही बन रही थी। सारी रात मुसलमानों ने मस्जिदों में जाकर इबादत की। जामा मस्जिद के बाहर नमाजीयों के लिये शर्बत की छबील व लंगर का विशेष प्रबन्ध किया गया था। इस पवित्र रात में पंजाब के शाही इमाम मौलाना हबीब-उर-रहमान सानी लुधियानवी ने देश भर में अमन और शांति के लिये विशेष दुआ भी करवाई।
– रीना अरोड़ा
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे।


Download Android App
Download iOS App



