Arvind Kejriwal Slam Amit Shah : आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नशा मुक्त पंजाब संबंधी बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि पंजाब में नशे की समस्या के लिए पहले की भाजपा और अकाली दल की सरकारें जिम्मेदार रही हैं, इसलिए अमित शाह को राज्य के लोगों से माफी मांगनी चाहिए।
‘भाजपा-अकाली सरकार ने घर-घर पहुंचाया नशा’
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भाजपा और अकाली दल की सरकार के दौरान ही पंजाब में नशे का जाल फैला। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करों को राजनीतिक संरक्षण मिलता था और राज्य में नशे का कारोबार तेजी से बढ़ा।
रविवार को केजरीवाल ने केंद्रीय गृह मंत्री के बयान की एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए लिखा, “अमित शाह जी, पंजाब के घर-घर में नशा पहुंचाने के लिए आपको तो पंजाब के लोगों से माफ़ी मांगनी चाहिए। भाजपा– अकाली दल के काले दौर को लोग भूले नहीं हैं, जब अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्कर मंत्रियों के घरों में पनाह लेते थे, पेडलर्स को पुलिस गाड़ियों और हथियारबंद सुरक्षा के साथ पूरे राज्य में घुमा कर नशा घर-घर पहुंचाया जाता था। आज आप किस मुँह से नशा मुक्त पंजाब की बात कर रहे हैं?”
दोषी मंत्रियों पर कार्रवाई का दावा
केजरीवाल ने कहा कि भगवंत मान सरकार अब नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है और पिछले दौर में दोषी रहे लोगों को कानून के तहत सजा दिलाई जा रही है।
उन्होंने कहा, “अब हम उस दौर के दोषी मंत्रियों को जेल भेज रहे हैं, उन्हें उनके गुनाहों की सजा मिल रही है। आज पंजाब में आपकी सरकार का इंतज़ार जनता को नहीं है, बल्कि उन बड़े-बड़े नशा कारोबारियों को है, जिन्हें हमारी सरकार की सख्ती के बाद राज्य छोड़कर भागना पड़ा।”
गुजरात का भी उठाया मुद्दा
अरविंद केजरीवाल ने अमित शाह पर निशाना साधते हुए गुजरात में ड्रग्स के मामलों का भी जिक्र किया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब गुजरात में बड़ी मात्रा में ड्रग्स बरामद हुई थी, तब सख्त कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
उन्होंने कहा, “अगर आपको नशे की इतनी ही चिंता है तो पहले गुजरात में अपना ‘डबल इंजन’ क्यों नहीं चलाते? मुंद्रा पोर्ट से 20,000 करोड़ की ड्रग्स पकड़ी गई थी, आपने पोर्ट के मालिक को जेल में क्यों नहीं डाला?”
केजरीवाल ने आगे कहा, “कैग रिपोर्ट के मुताबिक गुजरात में चूहे पुलिस कस्टडी से 2300 किलो ड्रग्स खा गए। क्या ये यकीन करने वाली बात है? ज़ाहिर है कि पुलिस कस्टडी से वो चोरी करके बाज़ार में बेच दी गई और लाखों घर बर्बाद कर दिए गए।”
पंजाब सरकार की कार्रवाई का किया जिक्र
अंत में केजरीवाल ने कहा कि पंजाब में भगवंत मान सरकार जनता के सहयोग से नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रही है।
उन्होंने कहा, “पहले गुजरात संभालिए, फिर पंजाब की बात कीजिए। पंजाब में भगवंत मान की सरकार जनता के साथ मिलकर नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रही है। अकाली- बीजेपी के काले दौर को पंजाब न भूला है, न भूलेगा, न माफ़ करेगा।”
यह भी पढ़ें – NINE, PGIMER चंडीगढ़ ने मनाया 23वां स्थापना दिवस, सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजा समारोह


Download Android App
Download iOS App




