मोहाली : पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल और उनके बेटे सुखबीर सिंह बादल को पूर्ण सुरक्षा देने का आश्वासन दिया है। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में पुलिस ने सिख आतंकवादी समूह खालिस्तान लिबरेशन फ्रंट से जुड़े तीन लोगों को गिरफ्तार किया है जो प्रकाश सिंह बादल को निशाना बनाने की योजना बना रहे थे। उन्हें पुलिस से दो राइफलें लूटने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। यह पूछे जाने पर कि क्या वह बादल पिता-पुत्र के लिए बढ़ते खतरे की हालिया रिपोर्टों से अवगत हैं, इस पर अमरिंदर सिंह ने कहा कि वह सुनिश्चित करेंगे कि शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के दोनों नेताओं को पूर्ण सुरक्षा मुहैया कराई जाए।
मुख्यमंत्री ने स्टेट-ऑफ-द-आर्ट विजिलेंस भवन का उद्घाटन करने के बाद मंगलवार को मीडिया से बातचीत में यह टिप्पणी की। मोहाली के सेक्टर 68 में स्थित यह भवन 3.25 एकड़ के क्षेत्र में 31.29 करोड़ रुपये की लागत से बना है। एक सवाल के जवाब में अमरिंदर सिंह ने कहा कि वह किसानों के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी से अवगत हैं जो राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण के दिशा निर्देशों का उल्लंघन कर खेतों में पराली जला रहे हैं। अमरिंदर सिंह ने कहा कि उनकी सरकार कानून का पालन करने के लिए बाध्य है और साथ ही उन्होंने किसानों की समस्या के प्रति सहानुभूति जताई।
पंजाब के राज्यपाल को प्रदर्शनरत शिक्षकों की मांगों के समर्थन में शिअद और आम आदमी पार्टी द्वारा अलग-अलग ज्ञापन सौंपे जाने को लेकर एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार को मामले के बारे में पूरी जानकारी है और वह इस मुद्दे को हल करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों समेत करीब 40,000 कर्मचारियों को नियमित करने की जरुरत है लेकिन उनकी सरकार के सामने आ रहे वित्तीय संकट के मद्देनजर इसमें वक्त लग सकता है।


Download Android App
Download iOS App



