प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा रविवार को चंडीगढ़ हवाई अड्डे का नाम स्वतंत्रता सेनानी शहीद भगत सिंह के नाम पर करने की घोषणा का सरदार किरणजीत सिंह संधू ने स्वागत करते हुए मोदी के प्रति आभार जताया है। संधू शहीद भगत सिंह के भतीजे हैं।
वर्षों से प्रतीक्षा की जा रही थी चंडीगढ़ हवाईअड्डे का नाम शहीद भगत के नाम करने की मांग
शहीदे आजम भगत सिंह के भतीजे और सहारनपुर की प्रद्युम्न नगर कॉलोनी निवासी किरणजीत सिंह संधू ने ‘ एक समाचार एजेंसी से रविवार को बताया कि वर्षों से इस बात की प्रतीक्षा की जा रही थी कि चंडीगढ़ हवाई अड्डे का नाम शहीदे आजम भगत सिंह के नाम पर हो।
पीएम मोदी ने पंजाब के लोगों का मन उत्साह से भर दिया हैं
उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में इसकी घोषणा कर दी है। संधू ने कहा कि प्रधानमंत्री की इस घोषणा ने भारत के लोगों का विशेषकर पंजाब के लोगों का मन उत्साह से भर दिया है। उन्होंने कहा कि यह बहुत ऐतिहासिक क्षण है जब शहीदे आजम भगत सिंह के नाम को सम्मान देते हुए चण्डीगढ के हवाई अड्डे का नाम उनके नाम पर रखा गया।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को चंडीगढ़ हवाई अड्डे का नाम स्वतंत्रता सेनानी शहीद भगत सिंह के नाम पर करने की घोषणा की। आकाशवाणी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 93वीं कड़ी में अपने विचार साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘भगत सिंह की जयंती के ठीक पहले उन्हें श्रद्धांजलि स्वरूप एक महत्वपूर्ण निर्णय किया गया है। यह तय किया है कि चंडीगढ़ हवाई अड्डे का नाम अब शहीद भगत सिंह के नाम पर रखा जाएगा।’’
चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा के लोगों को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इसकी लंबे समय से प्रतीक्षा की जा रही थी। शहीद भगत सिंह की जयंती 28 सितंबर को मनाई जाती है।


Download Android App
Download iOS App



