मुंबई भाजपा की युवा इकाई ने शनिवार को यहां एक टेलीविजन चैनल के बाहर प्रदर्शन कर क्रिकेटर से नेता बने नवजोत सिंह सिद्धू को टीवी शो से निकालने की मांग की। ये लोग पुलवामा हमले के बाद सिद्धू के कथित तौर पर पाकिस्तान का पक्ष लेने से आक्रोशित थे।
दरअसल हमले के लिए पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराए जाने के बीच सिद्धू ने अपने एक बयान में कहा था, ‘‘क्या आप पूरे देश को जिम्मेदार ठहरा सकते हैं।’’
भारतीय जनता युवा मोर्चा ने सिद्धू को ‘पाकिस्तानी एजेंट’ करार दिया और टेलीविजन चैनल के अधिकारियों से उन्हें कॉमेडी शो से बाहर करने की मांग की।
पुलवामा आतंकवादी हमला : CRPF के शहीद जवान कुलविंदर का हुआ अंतिम संस्कार
गौरतलब है कि सिद्धू ने शुक्रवार को पंजाब विधानसभा के बाहर बातचीत में पुलवामा में सीआरपीएफ के जवानों पर हुए आतंकवादी हमले की निंदा की थी और इसे कायराना हरकत करार दिया था। साथ ही कहा था,‘‘मुट्ठी भर लोगों के लिए क्या आप पूरे देश को जिम्मेदार ठहरा सकते हैं और क्या आप किसी एक व्यक्ति को जिम्मेदार ठहरा सकते हैं?’’
भारतीय जनता युवा मोर्चा के महासचिव प्रदीप व्यास ने सिद्धू के इस बयान के लिए उनकी निंदा की और प्रश्न किया कि क्यों वह हमेशा पाकिस्तान का पक्ष लेते हैं।
व्यास ने कहा, ‘‘जब पूरा देश सीआरपीएफ के जवानों की मौत से गमजदा है, सिद्धू पाकिस्तान का पक्ष ले रहे हैं। उन्हें अलग थलग किए जाने और उनका बहिष्कार किए जाने की जरूरत है। इसलिए हमने सोनी चैनल के अधिकारियों से उन्हें कॉमेडी शो से हटाने को कहा है।’’


Download Android App
Download iOS App



