पाकिस्तान से अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने के आरोप में एक पाकिस्तानी नागरिक को बीएसएफ (बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स) ने गिरफ्तार कर लिया। यह घटना मंगलवार सुबह बीएसएफ के अमृतसर सेक्टर स्थित पोस्ट भरोपाल के सामने हुई, जब एक पाकिस्तानी युवक कंटीली तार के पास भारतीय क्षेत्र में पहुंच गया था। ड्यूटी पर तैनात बीएसएफ जवानों ने तत्काल युवक को पकड़ लिया और उसे स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया। सरकारी सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार युवक की पहचान मोहम्मद हमजा, पुत्र आबिद हुसैन, निवासी मोजा सरदार, जिला रहीम यार खान, सिंध, पाकिस्तान के रूप में हुई है। युवक अवैध रूप से सीमा पार कर भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करने की कोशिश में था, जिसके बाद बीएसएफ के जवानों ने उसे पकड़ लिया।
घुसपैठिए के पूछताछ जारी
बीएसएफ द्वारा पूछताछ के बाद, युवक को घरिंडा पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामले को लेकर अपनी जांच शुरू कर दी है और आरोपी को अमृतसर अदालत में पेश किया गया। इससे पहले, बीएसएफ ने 17 मार्च को एक पाकिस्तानी महिला हुमारा (33) को हिरासत में लिया था। यह महिला बलूचिस्तान की रहने वाली थी और अवैध रूप से भारत-पाकिस्तान सीमा पार कर राजस्थान में प्रवेश कर गई थी। अधिकारियों ने बताया था कि महिला की गिरफ्तारी श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ में विजेता चौकी से हुई थी। महिला ने पाकिस्तान लौटने से साफ इनकार कर दिया और दावा किया था कि उसके वापस लौटने पर उसकी जान को खतरा होगा।
17 मार्च को पाकिस्तानी महिला गिरफ्तार
हिरासत में ली गई महिला बलूचिस्तान के केच जिले के दगरी खान गांव की रहने वाली थी। हालांकि, बाद में करीब एक सप्ताह बाद हुमारा को वापस उसके देश भेज दिया गया था। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने पाकिस्तानी महिला को अनूपगढ़ की बिंजोर पोस्ट से पाकिस्तान के सुपुर्द किया था। महिला से पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद, बीएसएफ की 23वीं वाहिनी के अधिकारियों ने हुमारा को उचित प्रक्रियाओं के तहत पाकिस्तान रेंजर्स को सौंप दिया था। इस दौरान महिला पुलिस की भी मौजूदगी रही।


Download Android App
Download iOS App



