पंजाब में बादल सरकार के गलत फैसलों के कारण बिजली की हुई कमी, अमरिंदर रद्द करें सारे पुराने समझौते: AAP

Summary :

आम आदमी पार्टी (आप) की पंजाब इकाई के अध्यक्ष व सांसद भगवंत मान ने आज कहा कि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह बिजली की कमी का कारण पिछली बादल सरकार के ‘गलत‘ बिजली समझौतों को बता रहे हैं।

पंजाब की राजनीति में इन दिनों काफी हलचल हो रही है, पंजाब कांग्रेस की अंदरूनी कलह जग जाहिर हो चुकी है। दूसरी तरफ, पंजाब सरकार के खिलाफ बिजली और पानी को लेकर विपक्ष लगातार हमलावर बना हुआ है। तो वहीं, प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर अन्य राजनीतिक दल पंजाब की अमरिंदर सरकार पर दबाव बनाने की लगातार कोशिश कर रहे हैं।
वहीं, आम आदमी पार्टी (आप) की पंजाब इकाई के अध्यक्ष व सांसद भगवंत मान ने आज कहा कि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह बिजली की कमी का कारण पिछली बादल सरकार के ‘गलत‘ बिजली समझौतों को बता रहे हैं, उन्हें इन समझौतों को तुरंत रद्द करना चाहिए। 
मान ने दावा किया कि उनकी पार्टी के कैप्टन के फार्म हाऊस पर हुए जोरदार प्रदर्शन के कारण ही मुख्यमंत्री नींद से जागे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बनने के बाद अब तक वह इस पर चुप रहने का मतलब है कि वह बादल परिवार को बचाने का प्रयास कर रहे थे।
मान ने यह भी कहा कि कैप्टन ने चुनाव से पूर्व इन बिजली समझौतों को पंजाब कैबिनेट की पहली बैठक में रद्द करने का दावा किया था। आप नेता ने जानना चाहा कि इन गलत समझौतों की वजह से पंजाब के 20000 करोड़ रुपए का जो नुकसान हुआ है उसकी भरपाई कौन करेगा? मान ने बिजली के मुद्दे पर किसान यूनियन की तरफ से 6 जुलाई को कैप्टन अमरिन्दर सिंह के आवास के घेराव की घोषणा का समर्थन किया है।

Desk Team