चंडीगढ़ के 6 नामी स्कूलों को सोमवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिली। पुलिस कंट्रोल रूम को मिले संदेश में शहर के अलग-अलग हिस्सों में छह स्कूलों को निशाना बनाने की धमकी दी गई। इसके बाद से पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गई। पुलिस ने उन सभी स्कूलों के परिसर में छानबीन की।
किन 6 स्कूलों को मिली बम से उड़ाने की धमकी?
चंडीगढ़ के छह स्कूलों को सोमवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस कंट्रोल रूम को मिले संदेश के बाद एयरफोर्स स्कूल (सेक्टर-31), सेंट सोल्जर इंटरनेशनल स्कूल (सेक्टर-28), डीएवी मॉडल स्कूल (सेक्टर-15), सेंट स्टीफंस स्कूल (सेक्टर-45), अजित स्कूल (सेक्टर-41 व 45) और पंजाबी यूनिवर्सिटी परिसर स्थित अंकुर स्कूल में सुरक्षा जांच शुरू कर दी गई है।
स्कूल परिसरों में गहन जांच
सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने तुरंत मोर्चा संभाला। सभी संबंधित स्कूलों के परिसरों को खाली करवाकर चप्पे-चप्पे की जांच की जा रही है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बम डिस्पोजल स्क्वाड (BDS) और अन्य विशेष सुरक्षा एजेंसियों को मौके पर तैनात किया गया है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह धमकी भरा मैसेज किसने और किस माध्यम से भेजा था। पुलिस की साइबर सेल और खुफिया एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस अफवाह या धमकी के पीछे किसका हाथ है।


Download Android App
Download iOS App




