पंजाबी सिंगर सिद्धू मुसेवाला की हत्या को लेकर राज्य की भगवंत मान सरकार विपक्ष के निशाने पर है। आनंदपुर साहिब से कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने आरोप लगाया कि पंजाब में जब से नयी सरकार बनी है तब से इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। इसके साथ ही उन्होंने व्यक्तिगत सुरक्षा का ऑडिट कराए जाने की मांग की।
मनीष तिवारी ने सोमवार को कहा, “जब से पंजाब में नई सरकार बनी है, तब से कुछ कबड्डी खिलाड़ियों की हत्या, मोहाली में पंजाब इंटेलिजेंस मुख्यालय पर हमला, जालंधर में पुलिस कर्मियों पर हमला और अब सिद्धू मूसेवाला की हत्या के साथ दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं की एक श्रृंखला शुरू हुई है।”
उन्होंने कहा, “जहां तक व्यक्तिगत सुरक्षा का सवाल है, उन लोगों के लिए एक वस्तुपरक ऑडिट किया जाना चाहिए जिन्हें सुरक्षा की आवश्यकता है, खासकर वे जो पंजाब में आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में अग्रिम पंक्ति में हैं। उनकी रक्षा करना राज्य और केंद्र की जिम्मेदारी है।”
कांग्रेस सांसद ने कहा, “जाहिर सी बात है कि कोई नई सरकार की रेड-लाइन को परखने की कोशिश कर रहा है। मैं सीएम भगवंत मान से पुलिस को विश्वास में लेने और राज्य में कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध करना चाहता हूं। यदि किसी सीमावर्ती राज्य की शांति भंग होती है तो इसके विभिन्न निहितार्थ हो सकते हैं।”
अब पार्किंग स्थल बन गई है राज्यसभा
इसके साथ ही मनीष तिवारी ने कहा, मेरी व्यक्तिगत राय में, राज्यसभा ने उन कार्यों को करना बंद कर दिया है जिनके लिए इसका गठन किया गया था। राज्यसभा अब पार्किंग स्थल बन गई है। देश को अभी राज्यसभा की जरूरत है या नहीं इसकी जांच होनी चाहिए।


Download Android App
Download iOS App



