नई दिल्ली: शिरोमणि अकाली दल दिल्ली द्वारा किये गये प्रयासों से पाकिस्तान सरकार द्वारा श्री गुरु नानक देव जी के साल 2019 में मनाये जाने वाले 550वें प्रकाश पुरब के मौके पर भरपूर सहयोग देने की घोषणा से भारत-पाक के निवासियों के आपसी भाईचारे को भारी मजबूती मिली है। शिरोमणि अकाली दल दिल्ली के प्रधान स. परमजीत सिंह सरना द्वारा अपने निवास पर करवाये रात्रि भोज के अवसर पर पाकिस्तान के राजदूत जनाब अब्दुल बासित ने श्री गुरु नानक देव जी के जन्म स्थान श्री ननकाना साहिब में साल 2018-19 में यात्रा करने वाले सिख श्रद्धालुओं को वीजा देने के लिये खास रियायतें देने का वायदा किया है।
स. सरना द्वारा इस पवित्र प्रकाश पुरब मेें शामिल होने वाली विश्वभर की सिख संगतों को सहुलियत देने की विनती पर राजदूत बसीत ने दिल्ली एवं पंजाब के सिखों के समूह के समक्ष इस संबंध में पूरा सहयोग देने का भरोसा जताया है। बसीत ने कहा कि उनके भारत में राजदूत के पद पर कार्यकाल के दौरान उन्हें सब से अधिक प्यार तथा सम्मान मिला है। शिरोमणि अकाली दल तथा राजदूत बसीत ने माना कि दोनो देशों की सांस्कृतिक भाईचारे को मजबूत होने से भारत-पाक संबंध और सुखद होंगे। दल के महासचिव स. हरविंदर सिंह सरना दल की ओर से जनाब अब्दुल बासित का स्वागत किया।
– महेश कुमार


Download Android App
Download iOS App



