बस द्वारा बुजुर्ग की मौत, चालक गिरफ्तार

Summary :

NULL

लुधियाना-फरीदकोट : यहां के नजदीकी गांव टहना के करीब नैशनल हाईवे न. 15 पर अकाली नेता की मलकीयत वाली दीप बस सर्विस की एक बस के नीचे आकर साइकिल सवार बुजुर्ग शख्स जंग सिंह पुत्र गजन सिंह निवासी गांव भाना की मौत हो गई। मौके से बस को भगाकर ले जाने वाले बस चालक को 4 कि.मी. तक गांव चंदाबाज तक पीछा करके लोगों ने काबू किया। लोगों में गुस्से की लहर स्वरूप पहले तो बस चालक की जमकर छितर परेड की गई फिर उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। ग्रामीणों ने बस पर ईंटे-पत्थर बरसाकर काफी तोडफ़ोड़ की।

जानकारी के मुताबिक यह बस गलत साइड से आ रही थी और साइकिल सवार को सड़क पर घसीटते हुए दूर तक ले गई। बुजुर्ग की मौत उसी वक्त हो गई। घटना के उपरांत लोगों ने गुस्से में आकर बस की तोडफ़ोड़ की। जबकि ड्राइवर ने भागकर अपनी जान बचाई। उल्लेखनीय है कि अकाली नेता की दीप कम्पनी वाली बसें पंजाब में अकसर विवादों में रही है। इस अवसर पर गुरूसेवक सिंह ने बताया कि दीप बस कंपनी की उक्त बस फरीदकोट से अमृतसर जा रही थी और दूसरी तरफ बुजुर्ग जंग सिंह साइकिल पर जा रहा था।

इसी दौरान तेज रफतार होने के कारण बस ने बुजुर्ग को कुचल दिया और मौके पर ही मौत हो गई। चश्मदीद जसकरण सिंह ने बताया कि बस चालक बुजुर्ग को कुचलने उपरांत बस को भगा रहा था। लोगों ने 4 कि.मी. आगे बस को रोका और बस पर अपना गुस्सा निकाला। पुलिस का कहना है कि बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके कार्यवाही की जा रही है जबकि लाश को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया गया है।

– सुनीलराय कामरेड

Desk Team