Punjab: कांग्रेस के पूर्व विधायक दलवीर सिंह गोल्डी ने पार्टी छोड़ने के एक दिन बाद बुधवार को यहां पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की उपस्थिति में आम आदमी पार्टी (AAP) की सदस्यता ग्रहण की। दलवीर सिंह गोल्डी ने कुछ दिन पहले संगरूर लोकसभा सीट से कांग्रेस द्वारा उम्मीदवार नहीं बनाये जाने पर निराशा जताई थी और मंगलवार को पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। पंजाब CM भगवंत मान ने ‘आप’ में गोल्डी का स्वागत करते हुए उन्हें परिश्रमी युवक बताया। उन्होंने कहा, ‘‘हम उनके समर्थकों के साथ उनका स्वागत करते हैं।’’
- कांग्रेस के पूर्व विधायक दलवीर सिंह गोल्डी ने AAP की सदस्यता ग्रहण की
- दलवीर ने कुछ दिन पहले संगरूर सीट से उम्मीदवार नहीं बनाने पर निराशा जताई
- CM भगवंत मान ने AAP में गोल्डी का स्वागत करते हुए उन्हें परिश्रमी युवक बताया
गोल्डी संगरूर सीट से टिकट चाहते थे
कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग को लिखे अपने इस्तीफे में गोल्डी ने कहा था कि वह प्रदेश नेतृत्व से निराश हैं और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहे हैं। पंजाब की धूरी सीट से विधायक रह चुके गोल्डी लोकसभा चुनाव में संगरूर सीट से टिकट चाहते थे लेकिन कांग्रेस ने यहां से तीन बार के विधायक सुखपाल खैरा को उम्मीदवार बनाया है।
गोल्डी ने 2022 में विधानसभा चुनाव लड़ा
दलवीर सिंह गोल्डी ने 16 अप्रैल को पार्टी की ओर से टिकट नहीं दिए जाने पर नाखुशी जताई थी और कहा था कि पार्टी नेतृत्व को ‘किसी के साथ विश्वासघात’ नहीं करना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि पार्टी ने 2022 के संगरूर उपचुनाव में प्रतिबद्धता जताई थी कि उन्हें 2024 के आम चुनाव में इस सीट से उम्मीदवार बनाया जाएगा। गोल्डी ने 2022 में धूरी से विधानसभा चुनाव लड़ा था और वह आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी भगवंत मान से हार गए थे। वह 2022 में ही संगरूर लोकसभा चुनाव में भी हार गए थे। पंजाब की 13 लोकसभा सीट के लिए एक जून को मतदान होगा।


Download Android App
Download iOS App





