राघव चड्डा के आरोपों को गजेंद्र सिंह शेखावत ने बताया निराधार, बोले-विवाद की ही सियासत करती है AAP

Summary :

आम आदमी पार्टी के आरोपों पर पलटवार करते हुए केंद्रीय मंत्री और पंजाब के चुनाव प्रभारी गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा है कि इस पार्टी का इतिहास बिना सबूत आरोप लगाने का है।

आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता राघव चड्डा ने आरोप लगाया कि बीजेपी चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में जीते उसके पार्षदों को लालच देकर खरीदने का प्रयास कर रही है। आप नेता के इन आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए केंद्रीय मंत्री और पंजाब के चुनाव प्रभारी गजेंद्र सिंह शेखावत ने पलटवार किया है।
गजेंद्र सिंह सिंह शेखावत ने राघव चड्डा के आरोप का जवाब देते हुए ट्वीट किया, खास आदमी पार्टी का इतिहास बिना सबूत आरोप लगाने का है। विवादों से बनी पार्टी विवाद की ही सियासत करती है। श्रीमान राघव चड्ढा निराधार और बचकाने तथ्य गढ़ रहे हैं।


केंद्रीय मंत्री ने केजरीवाल पर निशाना साधते हुए अगले ट्वीट में कहा, अपने ही पार्षदों के फोन टेप करना और उनके घर पर कैमरे लगवाकर वे साबित कर रहे हैं कि उन्हें बाहर से नहीं अंदर की फूट का खतरा है। ये पैंतरा चंडीगढ़ में बड़ी-बड़ी बातें बोलकर गए केजरीवाल जी के आत्मविश्वास में कमी की निशानी है और पंजाब में बीजेपी की बढ़ती साख का असर है।

उन्होंने पंजाब में बीजेपी की लोकप्रियता का दावा करते हुए अपने अगले ट्वीट में लिखा, वे अपने सहयोगियों से मुझ पर और मेरे कार्यालय पर आरोप मढ़ कर पंजाब में चर्चा प्राप्त करना चाहते हैं। सच ये है कि इस समय पंजाब में कांग्रेस के विरुद्ध बीजेपी ही जनता की आवाज है और हवाई सपने बुन रही आप को अंधेरा नजर आ रहा है।

शेखावत ने अपने अगले ट्वीट में अरविंद केजरीवाल को टैग करते हुए लिखा, मुझे केजरीवाल जी से सहानुभूति है। याद रखिए आप यदि आप हैं तो हम भी हम हैं। हमें कभी आपकी जरूरत नहीं पड़ेगी। दरअसल, चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में आप को 14 , भाजपा को 12 और कांग्रेस को 8 सीटों पर जीत हासिल हुई है। लेकिन किसी भी पार्टी को निगम में बहुमत हासिल नहीं हो पाया है और इसी वजह से वहां जोड़-तोड़ की आशंका के मद्देनजर आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति शुरू हो गई है।

Desk Team