चंडीगढ़ : हरियाणा और पंजाब में लू का प्रकोप रविवार को बढ़ गया। दोनों राज्यों में नारनौल सबसे गर्म स्थान रहा। वहां अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि भिवानी और हिसार में भी भीषण गर्मी रही। वहां अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक क्रमश: 45.9 डिग्री सेल्सियस और 45.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अंबाला में अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि करनाल में 43 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में तापमान 42.7 डिग्री सेल्सियस रहा। पंजाब में पवित्र शहर अमृतसर में पारा 44 डिग्री सेल्सियस जबकि लुधियाना और पटियाला में भी अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक क्रमश: 44 डिग्री सेल्सियस और 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों ने अनुमान जताया कि अगले दो दिनों तक दोनों राज्यों में लू का प्रकोप जारी रह सकता है।


Download Android App
Download iOS App



