पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के तलवंडी साबो दौरे से एक दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें आम आदमी पार्टी(आप) विधायक बलजिंदर कौर को उनके पति द्वारा एक विवाद के बाद थप्पड़ मारते दिखाया गया है। कौर के पति सुखराज सिंह भी सत्तारूढ़ दल के नेता हैं। तलवंडी साबो में उनके घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद यह वीडियो गुरुवार से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रहा है। यह घटना कथित तौर पर 10 जुलाई को हुई थी।
वही, पुलिस ने कहा कि उसे नहीं पता कि वीडियो किसने लीक किया या वास्तव में इस घटना को किसने अंजाम दिया। घटना के संबंध में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। वीडियो में तलवंडी साबो से दो बार की ‘आप’ विधायक को एक बहस के दौरान पति के पास जाते देखा जा सकता है। सिंह गुस्से में आकर अपनी सीट से उठ जाते हैं और उन्हें थप्पड़ मार देते हैं। जबकि बगल में खड़े कुछ लोग हस्तक्षेप करते हैं और सिंह को दूर करने की कोशिश करते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
हालांकि, वीडियो पर न तो कौर और न ही उनके पति ने कोई टिप्पणी की है। पंजाब राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष मनीषा गुलाटी ने हालांकि कहा कि उन्होंने वीडियो देखा है और इस पर स्वत: संज्ञान लेंगी। मान के नेतृत्व वाली ‘आप’ सरकार चुनाव के बाद से लगातार हमलों के घेरे में आ गई है। संयोग से मुख्यमंत्री शुक्रवार को बलजिंदर के निर्वाचन क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं।
इस जोड़े ने फरवरी 2019 में शादी की थी। सिंह कथित तौर पर माझा क्षेत्र के लिए ‘आप’ की युवा शाखा के संयोजक थे। कौर ने वर्ष 2009 में पंजाब विश्वविद्यालय, पटियाला से एम फिल किया। राजनीति में प्रवेश करने से पहले वह फतेहगढ़ साहिब में माता गुजरी कॉलेज में अंग्रेजी की प्रोफेसर थीं।


Download Android App
Download iOS App



