पंजाब के लुधियाना के भाई रणधीर सिंह नगर में गोलीबारी की घटना सामने आई है। जहां पिज्जा आउटलेट पर एक के बाद एक फायरिंग हुई है। इस घटना के बाद पंजाब पुलिस की जांच काफी तेज हो गई है। घटना के बाद इंस्टाग्राम पर ‘गोपी लहोरिया ग्रुप’ नाम के एक पेज से पोस्ट शेयर किया गया है, जिसमें गोलीबारी की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस दावे की पुष्टि नहीं की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही पोस्ट की सच्चाई की जांच चल रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या यह अकाउंट किसी असली गैंग से जुड़ा है या इसे किसी ने जानबूझकर लोगों में डर पैदा करने के लिए किया है।
CCTV में कैद हुई गोलीबारी की घटना
बता दें कि पुलिस को पिज्जा आउटलेट के अंदर लगे CCTV कैमरों से कई अहम सुराग मिले हैं। इस वीडियो में कुछ लोग दुकान के अंदर बैठे हुए नजर आ रहे हैं। इस बीच दो युवक पिज़्ज़ा आउटलेट के अंदर पहुंचते हैं। इनमें से एक आदमी सिर पर टोपी लगाए हुए दिख रहा है। दुकान में घुसने के कुछ ही समय बाद उसने बंदूक निकाला और लगातार तीन गोलियां चला दीं। CCTV के मुताबिक, पूरी फायरिंग करीब 3 सेकंड के अंदर हुई। अचानक हुई गोलीबारी से वहां बैठे लोगों में डर फैल गई। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस अब वीडियो के आधार पर हमलावरों की पहचान कर रही है।
सोशल मीडिया पर क्या लिखा?
इंस्टाग्राम पर गोपी लहोरिया ग्रुप के नाम से डाली गई पोस्ट में फायरिंग की सीधी जिम्मेदारी ली गई है। पोस्ट में लिखा गया है:वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह।मैं गोपी लहोरिया, कल रात ‘पिज़्ज़ा फ्रॉम मेक्सिको’ (Pizza From Mexico), जे-ब्लॉक लुधियाना पर जो फायरिंग हुई वो हमने करवाई है। इसको हमारे फोन दिखते नहीं थे, इग्नोर करता था, उस करके छोटा सा ट्रेलर दिया है। अगली बार सीधा माथे में गोली लगेगी। काम-कार, जिंदगी, घर-परिवार सारा कुछ आगे है तुम्हारा और हम तो मरे हुए हैं, मरता बंदा जाते-जाते बहुतों को ले जाता है। भूले हम किसी को भी नहीं हैं, सभी का पता है और सब पर निगाह है हमारी। जिस दिन मौका मिल गया, बाबा दीप सिंह जी मेहर रखें, लेके तुम्हें एम्बुलेंस ही जाएगी।
साइबर सेल कर रही इंस्टाग्राम अकाउंट की जांच
गोलीबारी के बाद, पुलिस ने साइबर सेल की मदद ली। साइबर सेल की जांच टीम उस इंस्टाग्राम पेज के बारे में जानकारी जुटा रही है जिसने इस घटना की जिम्मेदारी ली थी। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह अकाउंट कहां से चलाया जा रहा था और इसके पीछे कौन लोग हैं। साथ ही, CCTV फुटेज में दिखे हमलावरों की पहचान करने की कोशिशें भी कर रही हैं। पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट और गोलीबारी की घटना के बीच संबंध की भी जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह साबित हो पाएगा कि क्या वह पोस्ट सच में हमलावरों से जुड़ा था या किसी फेक अकाउंट से किया गया था।



Download Android App
Download iOS App




