अमृतसर के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मैड संधू हत्याकांड में गुजरात पुलिस की अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने आरोपी शूटर परमिंदर उर्फ काका (परमिंदर प्रसाद) को अहमदाबाद से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, 3 अक्टूबर को हुई इस सनसनीखेज हत्या में परमिंदर पर फायरिंग करने और वारदात के लिए बाइक का इंतजाम करने का आरोप है। घटना के बाद वह गुजरात में छिपकर रह रहा था। कहा जा रहा है कि वह गोल्डी ढिल्लों गैंग से जुड़ा था, एजेंसियां अब उसके कनेक्शन, साजिश और फंडिंग नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही हैं।
हत्या के बाद उदयपुर भागा था आरोपी
जानकारी के लिए बता दें कि पंजाबी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और मेकअप आर्टिस्ट मैड संधू की 3 अक्टूबर को अमृतसर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में दर्ज FIR के मुताबिक केस नंबर 186/2026 में BNS की धारा 103 के तहत कार्रवाई की गई है। अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने वारदात में गोली चलाने वाले शूटर परमिंदर काका उर्फ परमिंदर प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या को अंजाम देने के बाद वह उदयपुर पहुंच गया था। इसके बाद वह उड़ाई से अहमदाबाद आया और वहां विभिन्न होटलों में छिपकर रह रहा था। उसकी लोकेशन मिलने के बाअद अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने विशेष अभियान चलाकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
ट्रांजिट रिमांड पर अमृतसर लाया जाएगा परमिंदर
कहा जा रहा है कि अब पंजाब पुलिस आरोपी परमिंदर काका की कस्टडी लेने की तैयारी में है। ट्रांजिट रिमांड पर उसे अमृतसर लाकर पूछताछ की जाएगी, जिससे इस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों, उनके गैंग कनेक्शन और पूरे आपराधिक नेटवर्क का पर्दाफाश होने की उम्मीद है।
कॉन्ट्रैक्ट किलिंग की आशंका
ऑपरेशन के दौरान पुलिस को हथियार मिलने की भी जानकारी सामने आई है, जिसके बाद जांच एजेंसियां इस बात की गहराई से छानबीन कर रही हैं कि हत्या की योजना किसने रची थी और इसके लिए फंडिंग किसने की थी। मामले में कॉन्ट्रैक्ट किलिंग की आशंका भी जताई जा रही है।


Download Android App
Download iOS App




