प्रधानमंत्री मोदी 17 जुलाई को पंजाब-चंडीगढ़ का दौरा करने वाले हैं। इससे पहल पंजाब के मोहाली में शिवालिक पब्लिक स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। स्कूल प्रशासन ने बच्चों की छुट्टी कर उन्हें घर भेजा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और बम स्क्वायड दस्ते ने पूरे स्कूल परिसर की तलाशी ली। लेकिन इस दौरान कोई संदिग्ध या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।
किसने भेजा धमकी भरा मेल?
खबर के मुताबिक, मोहाली के फेज-6 में मौजूद शिवालिक पब्लिक स्कूल को यह धमकी ई-मेल के जरिए भेजी गई थी। मेल भेजने वाले का नाम ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी इंजीनियर गुरानाख सिंह’ है। इस ई-मेल में सिर्फ इस स्कूल को ही नहीं, बल्कि पंजाब के कई अन्य स्थानों को भी बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई है।
नहीं मिली कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक
पुलिस टीम और बम स्क्वायड ने स्कूल के चप्पे-चप्पे का निरीक्षण किया। शुरुआती जांच में स्कूल परिसर से कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला। हालांकि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अलर्ट मोड में है और मामले में हर एंगल से जांच कर रही है।
साइबर सुरक्षा की तैयारियों पर बड़े सवाल
ऐसी घटनाएं स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था और साइबर सुरक्षा की तैयारियों पर बड़े सवालिया निशान उठाती हैं। इस मामले में पुलिस का कहना है कि वे हर पहलू से जांच कर रहे हैं और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


Download Android App
Download iOS App




