पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोमवार को कहा कि पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मामले में न्याय सुनिश्चित करने में राज्य सरकार की ओर से कोई ढिलाई नहीं बरती गई है। गौरतलब है कि एक दिन पहले दिवंगत गायक के पिता बलकौर सिंह ने कहा था कि अगर उनके बेटे का किसी ‘गैंगस्टर’ से संबंध होता है तो वह हत्या के मामले में दर्ज प्राथमिकी वापस ले लेंगे।
मुख्यमंत्री ने पठानकोट में कहा, “हम न्याय सुनिश्चित करने में अपनी ओर से देरी नहीं कर रहे हैं। हर दिन किसी न किसी को गिरफ्तार किया जा रहा है। हमें जहां भी सुराग मिलता है, हम (मामले में) गिरफ्तारी करते हैं।” सिंह ने देश छोड़ने की धमकी भी दी है और उनकी सुनवाई के लिए राज्य प्रशासन को 25 नवंबर की समय सीमा दी है।
मान सोमवार को धान खरीदी की व्यवस्था का जायजा लेने पठानकोट में थे। उन्होंने मूसेवाला की हत्या की घटना को बेहद गंभीर मामला बताया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने गायक पर हमला करने और हत्या की साजिश रचने वालों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आरोप पत्र दायर किया गया है।
मान ने कहा कि उनकी सरकार ने केंद्र से कनाडा में मौजूद आरोपियों के खिलाफ ‘रेड कॉर्नर नोटिस’ जारी करने का अनुरोध किया है, ताकि उन्हें यहां अदालत के सामने पेश किया जा सके। शुभदीप सिंह को सिद्धू मूसेवाला के नाम से जाना जाता था। 29 मई को पंजाब के मानसा जिले में उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।


Download Android App
Download iOS App



