राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की सलाह पर पंजाब के पूर्व सीएम अमरिंदर सिंह ने उन्हें करारा जवाब दिया है। कैप्टन अमरिंदर ने मुख्यमंत्री गहलोत से उन्हें राजस्थान तक ही सीमित रहने की नसीहत देते हुए कहा कि गहलोत को अपना राजस्थान संभालना चाहिए, न की हमारे पंजाब पर ध्यान देना चाहिए। उल्लेखनीय है कि पंजाब में हुए सियासी नेतृत्व परिवर्तन के बाद राजस्थान में भी हलचल तेज है।
टीवी चैनल से बातचीत में कैप्टन अमरिंदर सिंह ने गहलोत की नसीहत को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा, ‘वो अपना राजस्थान संभालें, हमारे पंजाब को छोड़ें। उन्हें पंजाब को छोड़कर राजस्थान में जो कुछ हो रहा है उसे देखना चाहिए। अशोकजी मेरे दोस्त हैं, चुनाव में जिस कमेटी ने टिकट दिए वे उसके चैयरमेन थे। वे बहुत अच्छे आदमी हैं, लेकिन उन्हें अपनी परेशानियों को देखना चाहिए। उनके सामने बहुत सी समस्याएं हैं। हमारे सामने राजस्थान में समस्याएं हैं, छत्तीसगढ़ में दिक्कतें हैं। तीन तो स्टेट रह गए हैं कांग्रेस के पास। आप पंजाब खराब कर ही रहे हो।’
पंजाब CM चन्नी ने दिया अपनी सुरक्षा घटाने का आदेश, कहा-‘मुझे कौन मारेगा…’
गौरतलब है कि अशोक गहलोत ने ट्विटर पर एक बयान जारी कर कहा था कि , ‘‘मुझे उम्मीद है कि कैप्टन अमरिंदर सिंह जी ऐसा कोई कदम नहीं उठाएंगे जिससे कांग्रेस पार्टी को नुकसान हो। कैप्टन साहब ने स्वयं कहा कि पार्टी ने उन्हें साढे़ नौ साल तक मुख्यमंत्री बनाकर रखा है। उन्होंने अपनी सर्वोच्च क्षमता के अनुरूप कार्य कर पंजाब की जनता की सेवा की है।’’
उनके मुताबिक, ‘‘आलाकमान को कई बार विधायकों एवं आमजन से मिले फीडबैक के आधार पर पार्टी हित में निर्णय करने पड़ते हैं। मेरा व्यक्तिगत तौर पर भी मानना है कि कांग्रेस अध्यक्ष कई नेताओं, जो मुख्यमंत्री बनने की दौड़ में होते हैं, उनकी नाराजगी मोल लेकर ही मुख्यमंत्री का चयन करते हैं। परंतु वही मुख्यमंत्री को बदलते वक्त आलाकमान के फैसले को नाराज होकर गलत ठहराने लग जाते हैं।’’
उन्होंने कहा कि ऐसे क्षणों में अपनी अंतरात्मा को सुनना चाहिए। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गहलोत ने कहा, ‘‘मेरा मानना है कि देश फासीवादी ताकतों के कारण किस दिशा में जा रहा है, यह हम सभी देशवासियों के लिए चिंता का विषय होना चाहिए। इसलिए ऐसे समय हम सभी कांग्रेसजनों की जिम्मेदारी देश हित में बढ़ जाती है। हमें अपने से ऊपर उठकर पार्टी व देश हित में सोचना होगा।’’ उन्होंने जोर देकर कहा, ‘‘कैप्टन साहब पार्टी के सम्मानित नेता हैं एवं मुझे उम्मीद है कि वह आगे भी पार्टी का हित आगे रखकर ही कार्य करते रहेंगे।’’
अशोक गहलोत और अमरिंदर सिंह बहुत अच्छे दोस्त है, बावजूद कैप्टन को उनकी सलाह कुछ रास नहीं आई। बता दें कि सीएम पद से इस्तीफा देने के बाद से ही कैप्टन अमरिंदर सिंह कांग्रेस पर हमलावर हैं। हाल ही में उन्होंने बयान जारी कर कहा था कि वे किसी भी कीमत पर नवजोत सिंह सिद्धू को भविष्य में सीएम नहीं बनने देंगे और उनके खिलाफ मजबूत उम्मीदवार उतारेंगे।


Download Android App
Download iOS App



