अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर यात्रियों ने किया हंगामा, वंदे भारत ट्रेन रोकी

Summary :

अंबाला स्टेशन पर अफरा-तफरी, यात्री रेल लाइन पर बैठे

अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर यात्रियों ने वंदे भारत एक्सप्रेस की देरी और रूट परिवर्तन को लेकर हंगामा किया। यात्रियों ने रेलवे पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए ट्रेन को रोक दिया, जिससे रेल यातायात बाधित हुआ। रेलवे सुरक्षा बल ने स्थिति को संभाला और यात्रियों को शांत किया।

अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को दैनिक यात्रियों ने जमकर हंगामा किया। गुस्साए यात्रियों ने वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को रोक कर रेलवे के खिलाफ अपना रोष जताया। यात्रियों का गुस्सा ट्रेन के रोजाना देरी से चलने और पांच दिन पहले रूट को अंबाला से बदलकर हिसार किए जाने को लेकर था। इस हंगामे के कारण स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और प्रदर्शनकारी यात्रियों को रेल लाइन से हटाया। जानकारी के अनुसार, अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर दैनिक यात्री लंबे समय से ट्रेनों की देरी से परेशान थे। खासकर वंदे भारत एक्सप्रेस के बार-बार लेट होने से यात्रियों का गुस्सा भड़क गया। यात्रियों का कहना था कि रेलवे की ओर से रूट परिवर्तन और लगातार देरी से उनकी दिनचर्या प्रभावित हो रही है। समय और रूट बदलने से उन्हें काफी परेशानी हो रही है। रेलवे की ओर से हमारी समस्याओं का समाधान होना चाहिए।

AAP विधायक रमन अरोड़ा गिरफ्तार: जालंधर में विजिलेंस की रेड

पांच दिन पहले रेलवे ने वंदे भारत एक्सप्रेस का रूट अंबाला से हिसार कर दिया था, जिसके बाद से यात्रियों में असंतोष बढ़ गया। प्रदर्शनकारियों ने रेलवे प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था के रूट बदलने से उनकी यात्रा और समय प्रभावित हो रहा है। हंगामे के दौरान कुछ यात्रियों ने रेल लाइन पर बैठकर नारेबाजी की और ट्रेन को रोक दिया, जिससे रेल यातायात कुछ समय के लिए बाधित हुआ।

आरपीएफ के एसएचओ रवींद्र सिंह ने बताया कि आज सुबह चंडीगढ़ जाने वाली पैसेंजर ट्रेन जो हिसार से आती है, वह देरी से पहुंची। इससे दैनिक यात्रियों, जो रोज़ाना चंडीगढ़ अपनी ड्यूटी के लिए जाते हैं, ने नाराजगी जताई और हंगामा किया। हालांकि समझाने पर यात्री शांत हो गए और स्थिति सामान्य हो गई। ट्रेन ऑपरेशन में लगभग आधे घंटे की देरी हुई लेकिन इसके बाद सब सामान्य रूप से चलने लगे।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.