पंजाब में पठानकोट-जालंधर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने 4 लोगों को कुचल दिया। हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई और 2 की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद से गुस्साए लोगों ने बस में आग लगा दी। घटनास्थल पर स्थिति तनावपूर्ण होते देख पुलिस पहुंची और मामले को शांत कराने की कोशिश की। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है और पुलिस की जांच जारी है।
स्कूटी सवार को 200 मीटर तक घसीटकर ले गई बस
जानकारी के मुताबिक, लक्ष्मी हॉलीडेज की ये बस जालंधर से जम्मू जा रही थी। बुधवार सुबह करीब 10 बजे अनियंत्रित होकर बस ने संदीपनी गुरुकुल स्कूल कौंतरपुर के पास कुछ लोग खड़े थे। तेज रफ्तार बस ने सड़क किनारे खड़ी एक बाइक, स्कूटी और अन्य दो लोगों को उड़ा दिया। दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक, बस ने पहले स्कूटी सवार को टक्कर मारी और 200 मीटर तक घसीटते हुए ले गई और उसके बाद इसकी चपटे में एक मोटरसाइकिल सवार भी आ गया। आगे चलकर बस ने एक महिला और उसके साथ जा रहे बच्चे को भी चपेट में ले लिया।
गुस्साई भीड़ ने बस में लगाई आग
हादसे के बाद बस ड्राइवर और कंडक्टर मौके से फरार हो गए, पुलिस इनकी तलाश में जुटी है। गुस्साई भीड़ ने बस में आग लगा दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दमकल की गाड़ियों को बुलाया, जिसके बाद बस में लगी आग पर काबू पाया गया।
फ़िलहाल पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है और ड्राइवर की भूमिका की भी जांच कर रही है।


Download Android App
Download iOS App




