पंजाब AAP के विधायक हमारे संपर्क में, बाजवा के इस बयान को अमन अरोड़ा-धालीवाल ने किया खारिज

Summary :

बाजवा के बयान को धालीवाल ने बताया बेबुनियाद

पंजाब के नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने हाल ही में दावा किया है कि आम आदमी पार्टी के कई विधायक उनके संपर्क में हैं। बाजवा के इस दावे पर पंजाब सरकार में मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल और पार्टी के पंजाब अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने टिप्पणी की।

पंजाब सरकार में मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने सोमवार को न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि हम उनसे पूछेंगे कि कौन से मंत्री और विधायक उनके घर पर खाना खा रहे हैं। चिंता की कोई बात नहीं है, हम सभी अरविंद केजरीवाल के साथ एकजुट हैं। ऐसे बीस बाजवा आए और चले गए। हम कल सुबह उनसे इस बारे में सवाल करेंगे।

वहीं, आम आदमी पार्टी के पंजाब अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि जब उनके सगे भाई फतेहजंग बाजवा कांग्रेस छोड़कर भाजपा में गए, तब क्या वह उनके संपर्क में थे? जब संदीप जाखड़ और राजकुमार चब्बेवाल उनकी लीडरशिप को छोड़कर दूसरे दल में गए तब क्या वह अपने विधायकों के संपर्क में थे? बाजवा साहब को शिगूफे छोड़ने की आदत है, वह अप्रासंगिक हो चुके हैं।

उन्होंने कहा कि हमारे पास 96 विधायक हैं, उसमें से 32 कम कर दें तो भी हमारे पास 64 विधायक बचते हैं, हमारी सरकार नहीं टूटेगी। मैं बाजवा साहब को चुनौती देता हूं कि जितना समय चाहिए ले लें और 32 विधायकों को अपने साथ बिठाकर प्रेस कॉन्फ्रेंस करें। अगर वह ऐसा कर लेते हैं, तो मैं मान जाऊंगा। वरना उन्हें नेता प्रतिपक्ष के पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

अरोड़ा ने कहा कि बाजवा साहब को मजाक करने की आदत है, उन्हें गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं। उनका शरीर कांग्रेस में है, लेकिन दिल और दिमाग भाजपा में। वह बेंगलुरु गए थे, इसका खुलासा करें कि वहां किससे मिले या राहुल गांधी उनसे पूछ लें। उनके शिगूफों में कोई सच्चाई नहीं। वह हर चौथे दिन नया दावा करते हैं, आज कह रहे हैं कि 32 विधायक संपर्क में हैं, कल कहेंगे की 34 विधायक संपर्क में हैं। मैं मीडिया से कहना चाहता हूं कि ऐसे नेताओं की बेतुकी बयानबाजी को गंभीरता से न लें। वह विपक्ष की जिम्मेदारी निभाने की बजाय सिर्फ हवा में बातें करते हैं। वह ध्यान भटकाने के लिए ऐसी बातें करते हैं, पीछे कुछ और चल रहा है।

इसके अलावा, आप नेता मनीष सिसोदिया के पंजाब दौरे पर उठ रहे सवाल को लेकर पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि मैं कहता हूं कि वह हमारे वरिष्ठ नेता हैं, अगर वह पंजाब आते हैं तो इसमें किसी को क्या परेशानी हो सकती है? आम आदमी पार्टी के नेता चाहे देश के किसी भी कोने से आएं, हमारा एक ही लक्ष्य है कि सरकार लोगों को बेहतर सुविधाएं कैसे दे।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.