पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस की कीमतों में हो रही वृद्धि के खिलाफ पंजाब कांग्रेस 11 फरवरी को राज्य के हर शहर में विरोध प्रदर्शन करेगी। प्रदेश पार्टी अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने सोमवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि 11 फरवरी को सुबह 11:00 बजे से बाद दोपहर 1:00 बजे तक हर शहर में केंद्र सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन होगा।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण समाज का हर वर्ग परेशान है। मोदी सरकार के अड़यिल रवैये ने किसानों को आंदोलन करने के लिए मजबूर कर रखा है। ये सरकार लगातार डीजल पेट्रोल व रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि करके आम लोगों पर आर्थिक बोझ डाल रही है।
सुनील जाखड़ ने कहा कि जब पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने सरकार छोड़ थी तो गैस सिलेंडर की कीमत ?438 थी जो अब ?750 रूपये को पार कर चुकी है। इसी तरह पेट्रोल व डीजल की कीमतों का हाल है। ऐसा उन हालातों में हो रहा है जब 2014 के मुकाबले कच्चे तेल की कीमतें आधे के आसपास हैं। कच्चे तेल की कीमतों में कमी के कारण तेल व गैस की कीमतों में कमी आनी चाहिए थी लेकिन कीमतें लगातार बढ़ती जा रही हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी ने फैसला किया है कि इस मुद्दे पर लोगों की आवाज बुलंद करने के लिए पार्टी द्वारा 11 फरवरी को राज्य के प्रत्येक शहर में केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ रोष मार्च किए जाएंगे। वह स्वयं अबोहर में राज्य स्तरीय धरने की का नेतृत्व करेंगे।


Download Android App
Download iOS App



