पंजाब का सियासी पारा इस वक्त काफी हाई है, ऐसें में राजनीतिक दल अपने-अपने चुनावी दांवों को जनता के समक्ष रख रहे है। तो इसी कड़ी में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने रविवार को कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह की अगुवाई वाली पंजाब सरकार को इसलिए हटाना पड़ा, क्योंकि उसे दिल्ली से भारतीय जनता पार्टी चला रही थी। उन्होंने आम आदमी पार्टी पर भी हमला करते हुए उस पर दिल्ली में कुछ भी न करने का आरोप लगाया और कहा कि उसकी सरकार ‘‘नाकाम’’ रही है।
यह भी सच है कि उस सरकार में कुछ खामियां थीं
प्रियंका आगामी पंजाब विधानसभा चुनावों के मद्देनजर यहां ‘‘नवी सोच, नवा पंजाब’’ जनसभा को संबोधित कर रही थीं। मुख्यमंत्री के तौर पर सिंह के कार्यकाल का जिक्र करते हुए प्रियंका ने उनका नाम लिए बिना कहा, ‘‘यह सच है कि पांच साल तक यहां हमारी सरकार थी, यह भी सच है कि उस सरकार में कुछ खामियां थीं। यह अपने रास्ते से कहीं भटक गयी थी। उस सरकार ने पंजाब से चलना बंद कर दिया था। सरकार दिल्ली से चलायी जा रही थी और वो भी कांग्रेस द्वारा नहीं बल्कि भाजपा और भाजपा नीत सरकार द्वारा।’’
यह छिपा गठजोड़ आज सामने आ गया है, हमें उस सरकार को बदलना पड़ा
उन्होंने इसके साथ ही कहा, ‘‘यह छिपा गठजोड़ आज सामने आ गया है इसलिए हमें उस सरकार को बदलना पड़ा।’’ सिंह ने पिछले साल सितंबर में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के साथ सत्ता संघर्ष के बाद मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। बाद में सिंह ने कांग्रेस छोड़ दी और अपनी पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस (पीएलसी) बनायी। पीएलसी, भाजपा और सुखदेव सिंह ढींढसा की अगुवायी वाले शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) के साथ मिलकर राज्य विधानसभा चुनाव लड़ रही है।
त्रिपुरा: भाजपा के बागियों के कांग्रेस में शामिल होने से बन रहा नया सियासी समीकरण, TMC है उत्साहित
आपको विज्ञापनों के जरिए दिल्ली मॉडल दिखाया जा रहा है
आप के दिल्ली मॉडल को लेकर उस पर निशाना साधते हुए कांग्रेस महासचिव ने मतदाताओं को आप के दावों के जाल में फंसने को लेकर आगाह किया। उन्होंने कहा, ‘‘एक और पार्टी है जो दिल्ली से आयी है। आपको विज्ञापनों के जरिए दिल्ली मॉडल दिखाया जा रहा है और लोग आपके पास आकर दिल्ली मॉडल का प्रचार कर रहे हैं तथा दिल्ली में सरकार द्वारा किए गए कामों का प्रचार कर रहे हैं।’’ प्रियंका ने जनसभा में एकत्रित लोगों से कहा कि उन्हें यह नहीं भूलना चाहिए कि भाजपा गुजरात मॉडल के दम पर 2014 में केंद्र में सत्ता में आयी थी।
उन्होंने कहा, ‘‘बड़े-बड़े विज्ञापनों में दावा किया गया कि गुजरात में बहुत ज्यादा विकास हुआ, हर कोई अमीर बन रहा है, सब कुछ कुशल मंगल है। लेकिन क्या हुआ? वह मॉडल केवल विज्ञापनों में दिखा।’’ उन्होंने कहा कि आप सरकार दिल्ली में ‘‘नाकाम’’ रही है। पंजाब में 20 फरवरी को मतदान होना है और मतगणना 10 मार्च को होगी।
प्रियंका का योगी पर तीखा पलटवार, कहा- अपने भाई (राहुल गांधी) के लिये जान दे सकती हूं
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ट्वीट का जवाब देते हुये कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने रविवार को कहा कि वह अपने भाई (राहुल गांधी) के लिये जान दे सकती है और उनका भाई भी उनके (प्रियंका गांधी) लिये जान दे सकता है।
भाई बहन के आपसी विवाद के कारण कांग्रेस के डूबने संबंधी योगी के बयान पर प्रियंका ने मुस्कराते हुये जवाब दिया ‘‘ मैं अपने भाई के लिये अपनी जान दे दूंगी और मेरा भाई भी मेरे लिये अपनी जान दे देगा तो विवाद कौन सा। योगी जी के मन में विवाद है। भाजपा में जो विवाद है, उसके बारे में कह रहे हैं। जो उनके बीच,मोदी जी और अमित शाह जी के बीच विवाद चल रहा है।’’ गौरतलब है कि योगी ने शनिवार को एक ट्वीट में कहा था ‘‘ भाई-बहन के आपसी विवाद और वर्चस्व के कारण कांग्रेस डूब जाएगी।’’


Download Android App
Download iOS App



