Punjab: भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के घर पर ग्रेनेड अटैक, दो आरोपी गिरफ्तार

Summary :

जालंधर में भाजपा नेता के घर धमाका, दो आरोपी हिरासत में

पंजाब में भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के जालंधर स्थित आवास पर हुए विस्फोट में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। विस्फोट से खिड़कियों के शीशे टूट गए और एसयूवी व मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। विपक्ष ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

पंजाब में भारतीय जनता पार्टी के नेता मनोरंजन कालिया के जालंधर स्थित आवास पर मंगलवार सुबह हुए विस्फोट के सिलसिले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि इस विस्फोट में कालिया के घर की खिडकियों के शीशे टूट गए और एल्युमीनियम की दीवार (पार्टिशन), आंगन में खड़ी उनकी एसयूवी एंव मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने बताया कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। बता दें कि कालिया पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा के पंजाब इकाई के पूर्व अध्यक्ष हैं। वह भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य भी हैं।

प्रमुख नेता के आवास को निशाना बनाया

जब विस्फोट हुआ, उस समय वह अपने घर पर ही थे। अमृतसर और गुरदासपुर में पिछले चार-पांच महीनों में पुलिस चौकियों को निशाना बनाकर विस्फोट की कई घटनाए हुई हैं, लेकिन यह पहली ऐसी घटना है, जिसमें किसी प्रमुख नेता के आवास को निशाना बनाया गया। पिछले महीने अमृतसर में एक मंदिर के बाहर विस्फोट हुआ था।

दो लोगों को गिरफ्तार किया

पुलिस ने बताया कि विस्फोट के सिलसिले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं विपक्षी दलों ने राज्य में कथित रूप से बिगड़ती कानून-व्यवस्था की लेकर आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार पर निशाना साधा और गृह विभाग का प्रभार संभाल रहे मुख्यमंत्री भगवंत मान से नैतिक आधार पर इस्तीफा देने को कहा। पुलिस ने बताया कि जालंधर में शास्त्री मार्केंट के पास कालिया के आवास में सोमवार देर रात करीब एक बजे तेज आवाज सुनी गई। पुलिस उपायुक्त मनप्रीत सिंह ने बताया कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।

Himanshu Negi

हिमांशू नेगी को देश-विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने GGSIPU से संबद्ध LLDIMS कॉलेज से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन (BJMC) की पढ़ाई की है। इसके बाद HNBGU Central University से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन (MAJMC) पूरा किया और पत्रकारिता की शुरुआत की। दैनिक जागरण और IJCP Pvt Ltd. में इंटर्नशिप करने के बाद उन्होंने सुदर्शन टीवी चैनल में 9 PM शो के लिए प्रोड्यूसर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।