कोरोना वायरस ने अब तक कई राज्यों में दस्तक दे दी है। वायरस के प्रकोप को देखते हुए देश में जनता कर्फ्य आज सुबह से लागू है। इस बीच पंजाब सरकर पंजाब सरकार ने कोरोना वायरस के खतरे के मद्देनजर रविवार को पूरे राज्य में 31 मार्च तक लॉकडाउन (बंदी) लागू करने का फैसला किया। पंजाब में अब तक कोरोनो वायरस के 14 मामले सामने आए हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “पंजाब सरकार पूरे राज्य में 31 मार्च तक लॉकडाउन लागू करेगी।”
पंजाब में शनिवार को 11 और व्यक्ति कोरोनो वायरस से संक्रमित पाए गए थे, जिससे राज्य में संक्रमण के पुष्ट मामलों की कुल संख्या 14 हो गई। कोरोना वायरस का मुकाबला करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘जनता कर्फ्यू’ की अपील का रविवार को पंजाब में व्यापक असर देखा गया, जहां गलियां, सड़कें और सार्वजनिक स्थलों पर सन्नाटा पसरा रहा। वायरस के प्रसार को रोकने के लिए 14 घंटे का ‘जनता कर्फ्यू’ सामाजिक दूरी की एक कवायद है। यह रविवार सुबह सात बजे शुरू हुआ और रात नौ बजे तक चलेगा।

PM मोदी के आह्वान पर ‘जनता कर्फ्यू ’ के जरिए कोरोना से लड़ने के लिए पंजाब तैयार, जनता और प्रशासन हाई अलर्ट पर
प्रधानमंत्री की अपील के प्रति एकजुटता दिखाते हुए, केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के लोग घरों में ही रहे और गलियां, सड़कें तथा सार्वजनिक स्थान सुनसान पड़े थे। पंजाब लोगों ने भी घरों से बाहर नहीं आने का फैसला किया। हालांकि कुछ लोग जरूर सड़कों पर दिखे, पर वे दवाइयां या दूध जैसी जरूरी चीजें खरीदने के लिए निकले थे।
चंडीगढ़ के एक बुजुर्ग निवासी बलदेव ने कहा, “हमें सरकार को उस महामारी से निपटने में मदद करनी होगी, जिसने दुनिया को अपनी चपेट में ले लिया है। नागरिकों के तौर पर यह सुनिश्चित करने की हमारी भी समान जिम्मेदारी है कि समुदाय में कोरोना वायरस का प्रसार न हो।” गौरतलब है कि पंजाब में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या 14 हो गई है।


Download Android App
Download iOS App



