लुधियाना- फरीदकोट : घातक कोरोना वायरस से एक संदिग्ध पीडि़त पंजाब के फरीदकोट इलाके में मिला है। बताया जा रहा है कि उक्त मरीज कोटकपूरा का रहने वाला है और वह कुछ दिन पहले ही कनाडा से चीन के रास्ते पंजाब वापिस आया था।
कोरोना वायरस से प्रभावित होने की शंका के चलते उक्त मरीज अस्पताल में दाखिल होने को तैयार नहीं था और उसको डिप्टी कमीश्रर के आदेशों के उपरांत पुलिस ने हिरासत में लेकर अस्पताल में दाखिल करवाया। बीती रात उसके वायरस से संक्रिमत होने की सूचना के उपरांत डॉक्टरों ने ब्लड सैंपल लेकर पुणे भेजे और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
देश की सरहदों के बाहर चीन में कोरोना वायरस के बढ़ते प्रभाव के कारण पंजाब भी अन्य राज्यों की तरह हाई अलर्ट पर है। इसी सतर्कता के चलते उक्त रोगी प्रशासन की पकड़ में आया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक कोटकपूरा के मोगा रोड निवासी व्यक्ति पिछले माह 27 जनवरी को ही कनाडा से वाया चीन होते हुए रिश्तेदारी के विवाह समारोह में भाग लेने के लिए पंजाब आया था। पीडि़त सोमवार शाम खांसी जुकाम की समस्या के चलते अस्पताल पहुंचा था।
कोरोना वायरस होने की आशंका के चलते सेहत विभाग ने उसे अस्पताल दाखिल होने की सलाह दी, लेकिन वह नहीं माना और घर चला गया। बाद में जिला प्रशासन ने पुलिस की मदद लेते हुए उक्त संदिग्ध मरीज को गुरू गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल के स्पेशल वार्ड में दाखिल करवाया और उसके सैंपल लेकर जांच के लिए पुणे भेजे गए, जिनके परिणाम 48 घंटों के बाद प्राप्त होने की उम्मीद है।
– सुनीलराय कामरेड


Download Android App
Download iOS App



