पंजाब कांग्रेस में गहमागहमी अभी भी जारी है। पंजाब कांग्रेस चीफ नवजोत सिंह सिद्धू का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वह सीएम चरणजीत सिंह चन्नी के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल करते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो सिद्धू के लखीमपुर खीरी के लिए रवाना होने से पहले का है। वह चन्नी का इंतजार करते हुए कह रहे हैं कि 2022 में वह (चन्नी) कांग्रेस की लुटिया ही डुबो देंगे।
इस दौरान मंत्री परगट सिंह ने कहा कि चन्नी थोड़ी देर में आ रहे हैं तो सिद्धू भड़क गए और कहा कि इतनी देर से हम इंतजार कर रहे हैं। इस दौरान सिद्धू ने कहा कि सरदार भगवंत सिंह (नवजोत सिद्धू के पिता) के बेटे को सीएम बनाते तो फिर देखते कि सक्सेस क्या होती है। इसी के बाद सिद्धू ने चन्नी के लिए अपशब्द कहते हुए कहा कि वे 2022 में कांग्रेस को डुबो देगा।
सीएम की कुर्सी पर हमेशा रही सिद्धू की नजर
दरअसल नवजोत सिद्धू सीएम बनना चाहते थे। कैप्टन अमरिंदर सिंह के इस्तीफा देने के बाद उन्हें लगने लगा था कि ऐसा हो जाएगा लेकिन कांग्रेस हाईकमान सुनील जाखड़ के नाम को आगे बढ़ा रहा था। सिख सीएम बनने की बात के बाद सुखजिंदर रंधावा का नाम चर्चा में आया। सूत्रों के अनुसार, रंधावा के नाम का सिद्धू ने विरोध किया जिसके बाद सीएम की कुर्सी पर चरणजीत चन्नी को बैठाया गया। इसके बाद सिद्धू पर सुपर सीएम बनने के आरोप लगने लगे। फिर जब मंत्रिमंडल में और प्रशासनिक नियुक्तियों में सिद्धू की नहीं चली तो उन्होंने इस्तीफा दे दिया था।


Download Android App
Download iOS App



