पंजाब के लुधियाना कोर्ट में हुए बम धमाके में खालिस्तानी आतंकियों का एंगल सामने आ रहा है। दरअसल, सूत्रों के मुताबिक लुधियाना कोर्ट ब्लास्ट के पीछे पाकिस्तान समर्थित बब्बर खालसा का हाथ होने का संदेह जताया जा रहा है। पंजाब में हुए इस विस्फोट में एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि 5 अन्य घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, विस्फोट लुधियाना में जिला एवं सत्र अदालत परिसर की दूसरी मंजिल पर स्थित एक वॉशरूम में हुआ। बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 12:22 मिनट पर हुए इस ब्लास्ट को बब्बर खालसा ने एक सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया है। इस ब्लास्ट को वधावा सिंह ने अंजाम दिया, उसने इस काम में स्थानीय गैंगस्टर हरविंदर सिंह उर्फ रिंदा सिंह की मदद ली है।
आईईडी हमले की तरह लग रहा है ब्लास्ट
पुलिस और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की टीमों को विस्फोट स्थल पर भेजा गया। खुफिया एजेंसियों के सूत्रों ने कहा कि विस्फोट एक संभावित आईईडी हमले की तरह लग रहा था। विस्फोटकों की सामग्री का पता लगाने के लिए एक फोरेंसिक रिपोर्ट की प्रतीक्षा की जा रही है। पंजाब में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है और पुलिस को सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा कड़ी करने का निर्देश दिया गया है।
अमित शाह ने की CM चन्नी से बात
बता दें कि इस घटना की निंदा करते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा, “…दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा”। पंजाब में चुनाव नजदीक हैं और सरकार ऐसी घटनाओं को लेकर सतर्क है। इस बीच, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी से विस्फोट पर अपडेट और राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति का आकलन करने के लिए फोन पर बात की। इस मामले पर केंद्रीय गृह सचिव ने भी अमित शाह को जानकारी दी।


Download Android App
Download iOS App



