उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले अयोध्या में लगी राम मंदिर की होर्डिंग्स ने ठंड के मौसम में सियासी गर्मी बढ़ा दी है। होर्डिंग्स में लिखा है कि फर्क साफ तब रामलला थे टेंट में, अब हो रहा भव्य मंदिर का निर्माण। इसमें एक तरफ टैंट में विराजमान रामलला तो दूसरी तरफ राममंदिर का मॉडल दिखाया गया है। राज्य सरकार की और से लगी इन होर्डिंग्स को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने बीजेपी को निशाने पर लिया तो सत्ताधारी पार्टी ने भी विपक्ष पर पलटवार किया।
बीजेपी ने जहां इसे अपनी उपलब्धि बताने का प्रयास किया है, तो विपक्षी दल सपा और कांग्रेस इसे लेकर सवाल खड़ा कर रहे हैं। बीजेपी इसमें कुछ भी गलत मानने को तैयार नहीं है। बीजेपी सरकार की ओर यह होर्डिंग्स कई जगहों पर लगी हुई है। लेकिन रामजन्मभूमि के गेट नंबर-3 के यह होर्डिंग्स लगाई गई है। यहीं से कुछ दूरी पर बाबरी पक्षकार रहे इकबाल अंसारी का घर भी है।

इसी तरह की होर्डिंग्स शहर के अन्य कई स्थानों पर भी लगी हुई है। होर्डिंग्स में सबसे ऊपर लिखा है फर्क साफ है और सबसे नीचे बीजेपी का चुनाव चिन्ह कमल का फूल बना है। होर्डिंग्स के ऊपरी हिस्से में जहां तब व अब की उपलब्धि बताने की कोशिश की गई है। तब के नीचे टेंट में विराजमान रामलला व अब के नीचे निमार्णाधीन राम मंदिर का मॉडल है। इसी तरह होर्डिंग्स के निचले हिस्से में सोच ईमानदार, काम दमदार और एक बार भाजपा सरकार लिखा हुआ है।
सपा का सवाल, रामलला को टेंट पर पहुंचाने वाले कौने?
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष गंगा सिंह यादव का कहना है कि रामलला को टेंट पर पहुंचाने वाले कौने थे, यह सभी जानते हैं। अगर यह लोग 6 दिसम्बर को विवादित ढांचे को न तोड़ते तो शायद यह टेंट में न आते। यह लोग सुप्रीम कोर्ट के काम को भी अपना बता रहे है। राम मंदिर सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर बन रहा है। इसमें बीजेपी की कोई उपलब्धि नहीं हैं। रही बात अयोध्या के विकास की तो सारा काम सब सपा शासन में हुआ है। चाहे ओवर ब्रिज का काम हो। या 14 कोसी परिक्रमा स्थल का चौडा़करण हो, यह सब सपा की सरकार में हुआ है। बीजेपी शासनकाल में रोज जमीन के घोटाले सामने आ रहे है।
मार्केटिंग करके सस्ता प्रचार लूटने के प्रयास में रहती है BJP
कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अखिलेश यादव कहते हैं कि आज जरूरत है रोजगार की, महंगाई से मुक्ति की। लेकिन बीजेपी सरकार लोगों को मुद्दों से भटकाने के लिए होर्डिंग्स लगा रही है। अयोध्या में कोई विकास नहीं हुआ है। यहां पर गड्ढे में सड़क है सड़क में गड्ढा है। यह पार्टी सिर्फ मार्केटिंग करके सस्ता प्रचार लूटने के प्रयास में रहती है।
विपक्ष पर BJP का पलटवार
बीजेपी के महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा कहते हैं कि विपक्षियों का काम सिर्फ आरोप लगाना है। हमारी जो होर्डिंग्स लगी है, उससे दिख रहा है कि फर्क साफ है। रामलला टेंट में थे आज उनका भव्य मंदिर बन रहा है। यही फर्क साफ है। जब हम फर्क साफ जनता को दिखा रहे हैं तो विपक्षी बौखला गए हैं। पिछली सरकारों से हमारा काम बेहतर हुआ है।


Download Android App
Download iOS App



