लुधियाना-नवांशहर : भारतीय एयरफोर्स का लड़ाकू विमान मिग-29 गढ़शंकर के नजदीक रूडक़ीखास के खेतों में आ गिरा जबकि गांव के सिकंदरपुर में गिरे हुए जहाज का एक हिस्सा गिरा मिला है। शंका जताई जा रही है कि जहाज के इस हिस्से के गिरने के बाद तेजी से आगे बढ़ रहा मिग-29 जहाज संतुलन बिगडऩे के कारण हादसा ग्रस्त हो गया।
गांव सिकंदरपुर के लोगों ने बताया कि जब जहाज गांव के नजदीक से गुजरा तो ऐसी आवाज आई जैसे दो जहाज आपस में टकराएं हो लेकिन इस प्रकार की पुष्टि किसी ने अधिकारिक तौर पर नहीं की। हादसे के वक्त जहाज को आग लगी हुई थी, लेकिन पायलट इस हादसे में बाल-बाल बच निकला। फिलहाल उच्च अधिकारीयों द्वारा मामले की जांच जारी है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक आज सुबह 11 बजे हुए इस हादसे का कारण तकनीकी गड़बड़ी बताई जा रही है। फिलहाल जंगी जहाज का पायलट सुरक्षित बताया जा रहा है। यह भी पता चला है कि जहाज के क्रैश होने से पहले विमान का पायलट पैराशूट के जरिये कूूूद गया। खेतों में जहाज गिरने के बाद गांव के लोगों ने पायलट की मदद की। करीब आधे घंटे के बाद आदमपुर से हेलिकॉप्टर में वायु सेना की टीम मौके पर पहुंची और पायलट को अपने साथ ले गई। घटना के बाद मौके पर डीसी और एसएसपी नवांशहर भी पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि मिग-29 ने सुबह 10.30 बजे जालंधर के आदमपुर स्टेशन से उड़ान भरी थी। विमान के क्रैश होने से खेतों में आग लग गई। अभी मौके पर पुलिस पहुंच गई है। हादसे का सही कारण क्या रहा, इसके बारे में विशेषज्ञ टीम के पहुंचने के बाद ही पता चल पाएगा। लोगों के मुताबिक एक विमान अचानक आसमान में पलटने लगा। उन्होंने पहले सोचा कि पायलट कोई कलाबाजी कर रहा है, लेकिन अचानक विमान बहुत तेजी से नीचे आने लगा और खेतों में जा गिरा। बड़े धमाके साथ जहाज को आग लग गई।
उधर भारतीय वायुसेना का कहना है कि मिग-29 विमान प्रशिक्षण मिशन पर था। विमान में तकनीकी खराबी आई थी। पायलट सुरक्षित रूप से बाहर निकल गया है। वह विमान को नियंत्रित करने में असमर्थ था। कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी का आदेश दिया गया है।
– सुनीलराय कामरेड


Download Android App
Download iOS App



