पंजाब के चंडीगढ़ में किसान नेताओं और केंद्रीय प्रतिनिधिमंडल के बीच बुधवार को वार्ता हुई। यह वार्ता काफी सकारात्मक रही है। इस वार्ता में एमएसपी का मुद्दा उठाया गया है। किसानों की मांगों को लेकर अब अगली वार्ता चार मई को होगी। इस वार्ता के बारे में किसान नेता सरवन सिंह पंढेर ने बताया कि उन्हें उम्मीद है कि सरकार किसानों की मांगों को पूरा करेगी। न्यूज एजेंसी से बातचीत के दौरान किसान नेता सरवन सिंह पंढेर ने बताया कि बैठक में सकारात्मक चर्चा हुई।
किसानों की अगली बैठक 4 मई को
जिसमें सरकार ने अपना रुख पेश किया, जबकि हमने किसानों की चिंताओं को सामने रखा। आखिरी घंटे में हमने सरकार से यह स्पष्ट करने को कहा कि क्या वह एमएसपी के लिए कानूनी गारंटी लागू करने का इरादा रखती है। केंद्रीय प्रतिनिधिमंडल की ओर से जवाब में आया कि उनकी मंशा है। हमने पूछा तो फिर रुकावट क्यों है। उन्होंने बोला है हमारे सामने बहुत सी मुश्किलें आ जाएंगी। हालांकि, हमने उनसे रुख स्पष्ट करने के लिए कहा है। इसलिए सभी दिक्कतों को दूर करने के लिए अगली मीटिंग चार मई की रखी गई है। हमें आश्वासन मिला है कि अगली वार्ता में कुछ सुखद हल जरूर निकलेगा।
शंभू बॉर्डर पर भारी पुलिस बल तैनात
दूसरी ओर शंभू बॉर्डर पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। एक दर्जन से ज्यादा एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और बुलडोजर तैनात किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। इस पर किसान नेता सरवन सिंह पंढेर ने कहा है कि हम कहना चाहते हैं कि हमें मारे बिना यहां से मोर्चा खाली नहीं हो सकता है। हम पंजाब, हरियाणा के किसानों से कहना चाहते हैं कि एक-एक ट्रॉली यहां लेकर आ जाओ, यह मसला किसी न किसी ओर जाएगा। अंतिम सांस तक लड़ेंगे। सरकार बड़ी है, लेकिन जनता से बड़ी नहीं हो सकती है। किसानों के साथ वार्ता के बाद केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा किसान संगठन के प्रतिनिधियों के साथ सद्भावपूर्ण वातावरण में बहुत उद्देश्यपूर्ण और सकारात्मक चर्चा हुई है। चर्चा जारी रहेगी, अगली बैठक 4 मई को होगी।


Download Android App
Download iOS App



