Tokyo Paralympics : CM खट्टर और CM अमरिंदर ने आईएएस अधिकारी सुहास को रजत पदक जीतने पर बधाई दी

Summary :

पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह और हरियाणा के उनके समकक्ष मनोहर लाल खट्टर ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी सुहास यथिराज को तोक्यो पैरालंपिक में रजत पदक जीतने पर रविवार को बधाई दी।

पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह और हरियाणा के उनके समकक्ष मनोहर लाल खट्टर ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी सुहास यथिराज को तोक्यो पैरालंपिक में रजत पदक जीतने पर रविवार को बधाई दी।
गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) के जिलाधिकारी एवं बैडमिंटन खिलाड़ी 38 वर्षीय सुहास पहले आईएएस अधिकारी हैं जिन्होंने न केवल इस प्रतिस्पर्धा में हिस्सा लिया है, बल्कि पैरालंपिक में रजत पदक भी जीता है। पंजाब के मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उल्लेखनीय है कि यथिराज ने आईएएस अधिकारी के तौर पर कार्य करने के साथ-साथ खेल के प्रति अपनी रुचि जिंदा रखी।
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘तोक्यो पैरालंपिक में बैडमिंटन में रजत पदक जीतने पर एल वाई सुहास बधाई। यह बहुत उल्लेखनीय है कि आईएएस अधिकारी के तौर पर चुनौतीपूर्ण करियर के बावजूद आपने खेल के प्रति अपनी रुचि को जिंदा रखा। हम सभी को आप पर गर्व है।’’
खट्टर ने कहा कि वह यथिराज के प्रदर्शन से प्रसन्न हैं जिससे कई युवाओं को प्रेरणा मिलेगी। हरियाणा के मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘मुझे भरोसा है कि आगामी खेल प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों की नयी पीढ़ी भारत को गौरवान्वित करेगी।’’
यथिराज रविवार को तोक्यो में पुरुष एकल एसएल4 वर्ग बैडमिंटन स्पर्धा के फाइनल में शीर्ष वरीयता प्राप्त फ्रांस के लुकास माजूर से करीबी मुकाबले में हार गए। वह दो बार के विश्व चैंपियन माजूर से 62 मिनट तक चले फाइनल में 21-15 17-21 15-21 से भले ही हार गए, लेकिन अपने प्रदर्शन से सभी का दिल जीत लिया।

Desk Team