LPU internet shutdown : पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में सोशल मीडिया पर एक छात्रा से दुष्कर्म की वायरल खबर के बाद जबरदस्त हंगामा खड़ा हो गया। छात्रों के उग्र प्रदर्शन और हिंसा को देखते हुए प्रशासन ने यूनिवर्सिटी को 10 दिनों के लिए बंद कर दिया है और इंटरनेट सेवाएं अगले आदेश तक सस्पेंड कर दी हैं।
माहौल को शांत करने के लिए सभी मिड-टर्म परीक्षाएं भी रद्द कर दी गई हैं। राज्य सरकार और पुलिस का कहना है कि भड़काऊ सामग्री और अफवाहों को फैलने से रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है। मामले की तहकीकात के लिए एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) का गठन किया गया है।
व्हाट्सएप मैसेज से भड़की आग
शनिवार देर रात सोशल मीडिया पर एक मैसेज वायरल हुआ, जिसमें दावा किया गया कि हॉस्टल में घुसकर एक बाहरी शख्स ने छात्रा के साथ गलत काम किया है। इस खबर के फैलते ही छात्र सड़कों पर उतर आए और यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाने लगे।
गुस्साए छात्रों ने यूनिवर्सिटी कैंपस में तोड़फोड़ की और आगजनी की। यही नहीं, प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे पर करीब 18 घंटे तक चक्का जाम रखा, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
पुलिस का लाठीचार्ज
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और आंसू गैस के गोले दागने पड़े। इस दौरान कुछ उपद्रवियों ने पुलिस गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया और पथराव भी किया। डीआईजी नवीन सिंगला ने बताया कि शुरुआती जांच और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद अब तक रेप या आत्महत्या से जुड़ा कोई पीड़ित या सबूत नहीं मिला है।
SIT में 5 छात्र प्रतिनिधि भी शामिल
छात्रों की मांग पर पुलिस ने एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है और एसआईटी का गठन किया है, जिसमें 5 छात्रों को भी शामिल किया गया है। यूनिवर्सिटी ने छात्रों को अपने अभिभावकों के साथ घर लौटने या हॉस्टल के अंदर ही रहने की सलाह दी है। फिलहाल कैंपस में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।


Download Android App
Download iOS App



