चंडीगढ़ : विपक्षी आम आदमी पार्टी (आप) ने आज पंजाब के विधानसभा अध्यक्ष के सामने राज्य में चल रहे अवैध खनन का मुद्दा उठाया। विपक्ष के नेता सुखपाल सिंह खैरा की अगुवाई में पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा अध्यक्ष के पी सिंह से भेंट की और उनसे इस मुद्दे की जांच के लिए विधानसभा की एक सर्वदलीय समिति गठित करने की मांग की। खैरा ने कहा कि अवैध खनन का मुद्दा पिछले कई सालों से राज्य के राजनीतिक परिदृश्य पर छाया हुआ है और वह पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान एक बड़ा मुद्दा रहा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने अपने चुनाव घोषणापत्र में दस साल के शिअद-भाजपा शासनकाल में माफिया-नेता मिलीभगत से बड़े पैमाने पर कथित रुप से चल रहे अवैध खनन को खत्म करने का वादा किया था। लेकिन दुर्भाय से अवैध खनन जारी है। खबरों के अनुसार मुलानपुर के समीप खिजराबाद, समराला, रोपड़, रोहान, फरीदकोट, फिरोजपुर, हरिके, तरणतारण, शाहकोट और पठानकोट आदि में अवैध खनन चल रहा है। आप नेता ने कहा कि पार्टी ने अवैध खनन वाले स्थानों का दौरा करने के लिए विधायकों की सर्वदलीय समिति बनाने की मांग की। कल ही मुख्यमंत्री ने अवैध खनन पर कार्रवाई के वास्ते सभी जिलों में अंतर-विभागीय संयुक्त दल बनाने का आदेश दिया था।
अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट।


Download Android App
Download iOS App



