राजस्थान के बीकानेर में महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में दर्दनाक हादसा हुआ है। टैंक में गोला-बारूद लोड करने के दौरान विस्फोट हुआ, जिससे दो सैनिकों की मौत हो गई। एक गंभीर रूप से घायल है। घटना प्रशिक्षण अभ्यास के दौरान हुई। लूनकरनसर के सर्कल ऑफिसर नरेंद्र पूनिया तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि दुर्घटना का कारण प्रशिक्षण के दौरान हुई गलती हो सकती है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए सूरतगढ़ के मिलिट्री अस्पताल भेजवाया है। रक्षा प्रवक्ता के अनुसार गोला-बारूद लोडिंग के दौरान चार्जर में विस्फोट हुआ। इसमें अशुतोष मिश्रा और जितेंद्र की मौत हो गई। आशुतोष मिश्रा यूपी के देवरिया जिले के रहने वाले थे। जितेंद्र राजस्थान के दौसा जिले के निवासी थे।
15 दिसंबर 2023 को भी हुई थी ऐसी दुर्घटना
घटना महाजन फील्ड फायरिंग रेंज की दूसरी बड़ी दुर्घटना है। 15 दिसंबर 2023 को भी एक हादसे हुआ था, जिसमें 199वीं मीडियम रेजिमेंट के हवलदार (गनर) चंद्र प्रकाश पटेल शहीद हो गए थे। हादसा तब हुआ था, जब वे गन वाहन को टो कर रहे थे। वाहन के गन पिट के रैंप पर फिसलने से वे गंभीर रूप से घायल हुए थे। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी।
कोर्ट ऑफ इंक्वायरी का आदेश जारी
महाजन फील्ड फायरिंग रेंज की घटना पर सेना ने कोर्ट ऑफ इंक्वायरी का आदेश दिया है। विशेषज्ञों के मुताबिक ऐसी दुर्घटनाओं से बचने के लिए सुरक्षा प्रक्रियाओं को और सख्त करने की जरूरत है।


Download Android App
Download iOS App



