राजस्थान में बुधवार को कोरोना वायरस के 35 नए मामले सामने आए हैं, इसके साथ ही राज्य में संक्रमितों का आंकड़ा 3193 पहुंच गया है। वहीं वायरस से एक और व्यक्ति की मौत हो गई जिससे इस घातक महामारी से मरने वालों की संख्या 90 हो गई है। अब तक वायरस की चपेट में आए 1536 लोग ठीक हो चुके हैं।
अतिरिक्त मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) रोहित कुमार सिंह ने बताया कि सवाई माधोपुर में एक कोरोना मरीज की मौत हो गई। केवल जयपुर में कोरोना वायरस संक्रमण से मरने वालों का आंकड़ा 50 हो गया है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि ज्यादातर मामलों में रोगी किसी न किसी अन्य गंभीर बीमारी से भी पीड़ित थे।

इस बीच राज्य में बुधवार सुबह नौ बजे तक कोरोना वायरस संक्रमण के 35 नये मामले आए जिनमें जयपुर में 22, पाली में 7, डूंगरपुर और अजमेर में दो-दो तथा अलवर और चित्तौड़गढ़ में एक-एक नया मामला शामिल है। इसके साथ राज्य में अब तक मिले कुल संक्रमितों की संख्या 3,193 हो गयी है।
राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण के कुल मामलों में दो इतालवी नागरिकों के साथ साथ 61 वे लोग भी हैं जिन्हें ईरान से लाकर जोधपुर व जैसलमेर में सेना के आरोग्य केंद्रों में ठहराया गया है। राज्यभर में 22 मार्च से लॉकडाउन है और अनेक थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगा हुआ है।


Download Android App
Download iOS App



