राजस्थान में जारी सियासी घमासान के बीच कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने डिप्टी सीएम सचिन पायलट से बात की है। पार्टी सूत्रों ने दावा किया कि पायलट की पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ राज्य में राजनीतिक संकट पर बात हुई है। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, 25 से अधिक विधायकों के साथ दिल्ली-एनसीआर में मौजूद सचिन पायलट अब राज्य की राजधानी पहुंचने वाले हैं।
सूत्र ने दावा किया, पायलट पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ जयपुर में पार्टी नेताओं की बैठक में हिस्सा लेंगे। सूत्र ने आगे कहा कि गहलोत ने सोमवार सुबह 10.30 बजे एक बैठक बुलाई है, जिसमें पायलट शामिल होंगे। इस बीच, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय माकन, रणदीप सिंह सुरजेवाला और राज्य प्रभारी अविनाश पांडे रविवार रात एक विशेष विमान से जयपुर पहुंच रहे हैं।
सुरजेवाला ने इस बीच भाजपा पर हमला बोलते हुए हिंदी में एक ट्वीट किया, कोरोना से पूरा देश त्रस्त है, प्रतिदिन संक्रमण बढ़कर 29,000 हो गया है, चीन ने हमारी सरजमीं पर कब्जा किया है, और सत्ताधारी पहले मध्यप्रदेश और अब राजस्थान में विधायक खरीदने में व्यस्त हैं। समझना यह है हम सबको कि संकट किसी राज्य पर नहीं, पूरे भारतीय लोकतंत्र पर है।
इसके पहले अविनाश पांडे ने कहा था कि अशोक गहलोत सरकार को अस्थिर करने की कोशिश कर रहीं ताकतें सफल नहीं हो पाएंगी और पार्टी विधायक एकजुट हैं। शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी पहुंचे पायलट ने पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात का भी समय मांगा है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, पायलट ने शनिवार देर रात पार्टी कोषाध्यक्ष अहमद पटेल से बात की थी। सूत्रों ने कहा कि कांग्रेस एक और शर्मिदगी से बचने के लिए राज्य में दोनों खेमों को शांत करने की कोशिश कर रही है। हालांकि गहलोत खेमे का दावा है कि उनकी सरकार के पास संख्या है और मुख्यमंत्री को 103 विधायकों का समर्थन हासिल है।


Download Android App
Download iOS App



