राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में शिक्षकों और छात्रों के साथ हुई मारपीट की कड़े शब्दों में निंदा की है। गहलोत ने शनिवार रात अपने ट्वीट में जेएनयू में हमलों की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि छात्रों, शिक्षकों की पिटाई की गई, हॉस्टल में तोड़फोड़ की गई और इसे रोकने के लिए अंदर कोई पुलिस नहीं पहुंची, जो सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात है।
उन्होंने सवाल किया कि छात्रों की सुरक्षा के लिए पुलिस कुछ क्यों नहीं कर रही है? उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की विभाजनकारी राजनीति विश्वविद्यालयों को बर्बाद कर रही है। इस बीच, उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने ट्वीट के जरिये जेएनयू विश्वविद्यालय की घटना को शर्मनाक और कायरतापूर्ण बताया है। उन्होंने ट्वीट किया, “मैं दिल्ली के जेएनयू परिसर में हिंसा और विध्वंस की कड़ी निंदा करता हूं, मारपीट में छात्रों को चोट पहुंची और संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। इस तरह की हरकतें शर्मनाक और कायरतापूर्ण हैं। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।”


Download Android App
Download iOS App




