राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनियां ने आज राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार के किसान कर्जामाफी, लम्बित भर्तियां, महिला सुरक्षा सहित विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर ‘‘हल्ला बोल’’ आंदोलन का फेसबुक लाइव के माध्यम से आगाज किया। पूनियां ने आदिवासी अंचल के प्रतापगढ़ जिले से हल्ला बोल फेसबुक कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रदेशभर में कांग्रेस पार्टी के 27 महीनों के शासन में कुशासन, अराजकता, भ्रष्टाचार, अकर्मण्यता, अपराध, वादाखिलाफी इन तमाम मुद्दों को लेकर भाजपा यह ‘‘हल्ला बोल’’ करने को मजबूर हुई है।
उन्होंने कहा, सितम्बर में भी ‘‘हल्ला बोल’’ के माध्यम से गहलोत सरकार को कुम्भकर्णी नींद से जगाने का कार्य किया था, जिसमें राजस्थान के हजारों स्थानों पर लाखों लोगों ने शिरकत की थी। उन्होंने कहा कि गहलोत सरकार ने किसानों, युवाओं के साथ वादाखिलाफी की है और 833 रूपये की बिजली सब्सिडी बंद कर भी किसानों के साथ कुठाराघात किया है, इसके अलावा केंद्र की मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को भी राज्य सरकार सही तरीके से लागू नहीं कर रही है।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की बुनियादी विकास की योजनाओं से राजस्थान के लोगों का जीवन स्तर बदला, चाहे जन-धन के खाते हों, चाहे प्रधानमंत्री आवास हो, चाहे स्वच्छ भारत मिशन हो, चाहे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि हो, चाहे फसल बीमा योजना हो, चाहे नीम कोटेड यूरिया हो, इस तरीके से अनेकों जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रदेश एवं देश के किसानों के जीवन में उन्नति आई है।


Download Android App
Download iOS App



