जयपुर : भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह इस महीने की 21 तारीख को एक दिवसीय दौरे पर जयपुर आयेंगे और इस दौरान वह भाजपा की कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करेंगे। शाह की यह यात्रा पार्टी के लिए अहम होगी क्योंकि इस दौरान वह एक साल पहले पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं को दिए गए कार्यों की समीक्षा करेंगे और आने वाले चुनावों के लिए रणनीति पर भी चर्चा करेंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार शाह 21 जुलाई को नई दिल्ली से जयपुर आयेंगे। वे भाजपा विधायकों, सांसदो, मंत्रिमंडल के सदस्यों, जिला अध्यक्षो, पार्टी से जुडे अग्रिम संगठनों— भाजपा युवा मोर्चा, महिला मोर्चा एससी/एसटी मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारियो और अन्य विशेष आमंत्रित लोगो की दो दिवसीय कार्यसमिति बैठक के समापन सत्र को संबोधित करेंगे।
शाह इस दौरान सोशल मीडिया से जुडे कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे और संगठन की बैठकों में भी हिस्सा लेंगे। पिछले वर्ष शाह ने 21 जुलाई से 23 जुलाई के जयपुर प्रवास के दौरान ‘अजेय बूथ-अजेय बीजेपी’ की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं को दी थी, उन्होंने कहा था कि अक्तूबर 2017 तक राजस्थान में पार्टी अजेय बन जाएगी । हालांकि, भाजपा को दो लोकसभा और एक विधानसभा सीट पर हुए उपचुनावों में हार का सामना करने से उनकी भविष्यवाणी गलत साबित हुई
पार्टी के सूत्रों के अनुसार भाजपा ने अब तक लगभग आधे विधानसभा क्षेत्रों में विस्तारकों की नियुक्ति का कार्य पूरा कर पायी है, पार्टी के अंदरूनी विवाद थम नहीं रहे है, क्योंकि भाजपा से त्यागपत्र दे चुके विधायक घनश्याम तिवाडी, वर्तमान विधायक ग्यानदेव आहूजा,भवानी सिंह राजावत ने सार्वजनिक रूप से सरकार विरोधी बयान दिये है। हालांकि, भाजपा के एक विधायक ने बताया कि कार्यकर्ता पार्टी अध्यक्ष अमित शाह के दिशा निर्देशानुसार कार्य कर रहें है, और जमीनी स्तर पर बहुत कुछ कार्य पूरा कर लिया है। भाजपा के प्रदेश महासचिव भजन लाल शर्मा ने बताया कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने पार्टी अध्यक्ष द्वारा अपने पिछले वर्ष के प्रवास के दौरान दी गई सब तरह की जिम्मेदारियों जिनमें भाजपा पार्टी कार्यालय के निर्माण, विस्तारक योजना को लागू करने, को जमीनी स्तर पर लगभग पूरा कर लिया है।


Download Android App
Download iOS App



