वंचित वर्गों को आगे बढ़ाने के लिए समर्पित भाव से कर रहे काम : CM गहलोत

Summary :

मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि हमारी सरकार ने प्रदेशवासियों के स्वास्थ्य सुरक्षा की दृष्टि से यूनिवर्सल हैल्थ कवरेज जैसा महत्वपूर्ण कदम उठाया है जिससे उन्हे पांच लाख रूपए तक का स्वास्थ्य बीमा मिल सकेगा।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि समाज के कमजोर, पिछड़े एवं वंचित वर्ग को आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार पूरे समर्पित भाव से काम कर रही है और इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार ने ऐसी कई कल्याणकारी योजनाएं संचालित की है जिनका भरपूर लाभ इन वर्गों के लोगों को मिल रहा है। 
गहलोत ने रविवार को अखिल राजस्थान जाटव महासभा के जयपुर में छात्रावास एवं सामुदायिक भवन के शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि डॉ. भीमराव आम्बेडकर विधि विश्वविद्यालय के लिए जल्द ही जमीन आवंटित की जाएगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आम्बेडकर का स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने ‘शिक्षित बनो, संघर्ष करो और आगे बढ़ो’ का नारा दिया था।
उन्होंने कहा कि सभी समाज बाबा साहेब की इस सीख को आत्मसात करते हुए शिक्षा को बढ़ावा दें। वही समाज तरक्की करेगा, जो शिक्षा एवं तकनीक से जुड़ेगा।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि पांच हजार की आबादी पर अंग्रेजी माध्यम के 1200 विद्यालय, 7 राजकीय अम्बेडकर छात्रावास, SC/ST वर्ग की महिला उद्यमियों के स्किल अपग्रेडेशन जैसी बजट घोषणाओं से पिछड़े वर्गो को समाज की मुख्यधारा में आने का अवसर मिलेगा। 
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने प्रदेशवासियों के स्वास्थ्य सुरक्षा की दृष्टि से यूनिवर्सल हैल्थ कवरेज जैसा महत्वपूर्ण कदम उठाया है जिससे उन्हे पांच लाख रूपए तक का स्वास्थ्य बीमा मिल सकेगा। गहलोत ने कहा कि हमारी सरकार ने कोरोना का बेहतर प्रबंधन किया है और टीकाकरण में भी राजस्थान देश में सबसे आगे हैं। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते दिनों देश के कई राज्यों में कोरोना संक्रमण बढ़ा है। उन्होंने कहा कि कोरोना की जीती हुई जंग हम लापरवाही के कारण हार ना जाएं, इसके लिए सब लोग स्वास्थ्य प्रोटोकॉल का पालन आवश्यक रूप से करें। 

Desk Team