देशभर में कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है, वहीं अब भी भारत में कोरोना वैक्सीन की किल्लत का कोई हल नहीं निकल पाया है। इस बीच राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोमवार को यानी आज फिर कहा कि कोरोना वायरस से बचाव के लिए टीकाकरण प्रक्रिया को आगे बढ़ने के लिए राजस्थान को केंद्र से पर्याप्त टीके नहीं मिल रहे हैं। गहलोत ने केंद्र से राज्य को पर्याप्त मात्रा में टीके उपलब्ध करवाने की मांग की है।
गहलोत ने ट्वीट किया, ‘‘राज्य में आज टीके की लगभग 70 हजार खुराक बची हैं जो आज लगा दी जाएंगी। टीकों की कमी के कारण आज भी अधिकांश जिलों में टीकाकरण बंद हो गया है। राजस्थान को आवश्यकता के मुताबिक टीके केन्द्र सरकार से नहीं मिल पा रहे हैं जिसके कारण बार-बार टीकाकरण रूक जाता है।’’

मुख्यमंत्री ने लिखा है, ‘‘राजस्थान में टीकों की वेस्टेज (बर्बादी) भी नेगेटिव है लेकिन टीकों की कमी के कारण आमजन परेशान है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं केन्द्र सरकार से पुन: निवेदन करता हूं कि राजस्थान को पर्याप्त मात्रा में टीके दिये जाएं जिससे जल्द से जल्द टीकाकरण का काम पूरा हो सके एवं तीसरी लहर का खतरा समाप्त हो सके।’’



Download Android App
Download iOS App



