राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की शुक्रवार को जयपुर के सवाई मान सिंह अस्पताल में सफलतापूर्वक एंजियोप्लास्टी की गई। बृहस्तिवार रात सीने में तेज दर्द की शिकायत के बाद शुक्रवार सुबह गहलोत सवाई मान सिंह अस्पताल पहुंचे जहां उनकी जांच की गई। चिकित्सकों के अनुसार उन्हें हृदय संबंधी बीमारी है। मुख्यमंत्री के प्रवक्ता ने ट्वीट कर बताया कि मुख्यमंत्री की एंजियोप्लास्टी सफलतापूर्वक की गई।
इससे पूर्व गहलोत ने भी ट्वीट के जरिये बताया कि उनकी एंजियोप्लास्टी की जायेगी। उन्होंने ट्वीट में कहा, ‘‘कोविड के बाद से मुझे स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें हो रही थी और कल से मेरे सीने में तेज दर्द हो रहा था। अभी सवाई मान सिंह अस्पताल में अपना सीटी एनजीओ करवाया है। एंजियोप्लास्टी की जायेगी।’’ मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ मुझे खुशी है कि मैं इसे (एंजियोप्लास्टी) सवाई मान सिंह अस्पताल में करवा रहा हूं। मैं ठीक हूं और जल्द ही वापस आऊंगा। आपका आशीर्वाद और शुभकामनाएं मेरे साथ हैं।’’


Download Android App
Download iOS App



