केंद्र सरकार की नीतियों और संवैधानिक संस्थाओं के दुरूपयोग के विरूद्ध और कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा सत्य की लडाई के समर्थन में बृहस्पतिवार को कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के नेतृत्व में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डोटासरा ने कहा राहुल गांधी निडरता के साथ सत्य की लड़ाई लड़ते हुए अपने विचार रखते हैं। उन्होंने कहा कि गांधी अपने विचारों पर अडिग हैं उन्होंने सावरकर की तरह माफी मांगना उचित समझने की बजाए अपने विरूद्ध की जा रही कार्रवाई को स्वीकार किया।
उन्होंने कहा राहुल गांधी सत्य की लड़ाई लड़ रहे हैं, न्यायालय का फैसला स्थगित हो गया है, जिसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत चुनौती दी जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी देश की जनता की समस्याओं पर निडरता के साथ केन्द्र सरकार के समक्ष अपने विचार रखते हैं तथा राष्ट्रहित में कार्य करते हैं।
डोटासरा ने कहा कांग्रेस पार्टी की लड़ाई उन फासीवादी ताकतों से है जो देश की सत्ता में बैठकर संवैधानिक संस्थाओं का दुरूपयोग एवं विपक्षी नेताओं को डराने-धमकाने, आम आदमी की आवाज दबाने के साथ ही जांच एजेंसियों में बुलाकर विरोधियों को प्रताडि़त करने का कार्य कर रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



