बेरोजगारी के मुद्दे पर केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि इस बारे में कांग्रेस व अन्य विपक्षी दल जो बात कह रहे थे, वह सच निकली। गहलोत ने राजग सरकार पर देश के युवाओं को गुमराह करने का आरोप भी लगाया है।
गहलोत ने ट्विटर पर लिखा है, ‘‘कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी सहित तमाम विपक्षी पार्टियां जो कह रही थीं, वही सच निकला। उस समय में बेरोजगारी के आंकड़ों को छुपाने को लेकर काफी सम्पादकीय लिखे गए, कटु आलोचना हुई कि इतिहास में पहली बार आंकड़े रोके जा रहे हैं।’’
गहलोत ने कहा कि देश में बेरोजगारी दर 45 साल के सबसे ऊंचे स्तर पर होने की नेशनल सैम्पल सर्वे ऑफिस (एनएसएसओ) की जो रिपोर्ट मीडिया में पहले लीक होकर आई थी, उसे राजग सरकार ने पहले यह कहकर खारिज कर दिया था कि बेरोजगारी के आंकड़ों को अभी अंतिम रूप नहीं दिया गया है।
जबकि कल आधिकारिक रूप से केंद्र सरकार ने इस रिपोर्ट को स्वीकार कर लिया और पिछले 45 वर्ष में उच्चतम बेरोजगारी के आंकड़े जारी किये। गहलोत के अनुसार, ‘‘कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने लगातार यह मुद्दा उठाया था लेकिन केंद्र सरकार ने इस पर कोई जवाब नहीं दिया।’’ गहलोत ने मोदी सरकार पर आरोप लगाया, ‘‘बेरोजगारी के बदतर हालातों की वास्तविकता को छुपाकर राजग सरकार ने जानबूझकर देश के युवाओं को गुमराह किया।’’


Download Android App
Download iOS App



