कोविड-19 : राजस्थान में 98 नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि, पॉजिटिव मामलों की संख्या 25 हजार के पार

Summary :

राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण से पिछले 24 घंटे में तीन और मौत दर्ज की गयी जिससे राज्य में संक्रमण से मरने वालों की कुल संख्या 521 हो गई है।

राजस्थान में कोरोना वायरस (कोविड-19) का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। राज्य में संक्रमितों और मृतकों के मामले थमने के नाम नहीं ले रहे है। हर दिन इस खतरनाक वायरस के चपेट में आने वालों की संख्या बढ़ रही है। इस बीच राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण से पिछले 24 घंटे में तीन और मौत दर्ज की गयी जिससे राज्य में संक्रमण से मरने वालों की कुल संख्या 521 हो गई है।
इसके साथ ही राज्य में 98 नये मामले सामने आने से राज्य में इस घातक वायरस से संक्रमितों की कुल संख्या 25034 हो गयी है, जिनमें से 5759 रोगी उपचाराधीन हैं। एक अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को जयपुर, अजमेर व अलवर में एक-एक और संक्रमित की मौत दर्ज की गई। इससे राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण से मरने वालों की कुल संख्या 521 हो गई है।
केवल जयपुर में कोरोना वायरस संक्रमण से मरने वालों की संख्या 176 हो गयी है जबकि जोधपुर में 65, भरतपुर में 42, कोटा में 27,अजमेर में 25, बीकानेर में 21, नागौर में 18 व पाली में 15, और धौलपुर में 13 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। अन्य राज्यों के 31 रोगियों की भी यहां मौत हुई है। उन्होंने बताया कि मंगलवार सुबह साढ़े दस बजे तक सामने आए मामलों में अलवर में 37, जयपुर में 34, कोटा में पांच, दौसा, भीलवाड़ा व झुंझुनू में चार-चार नये मामले शामिल हैं। राज्यभर में कोरोना वायरस संक्रमण के कारण कई थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगा हुआ है।

मैंने सरकार से नहीं किया कोई आग्रह, एक अगस्त तक खाली कर दूंगी सरकारी आवास : प्रियंका गांधी

Desk Team