भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच जैसलमेर-बाड़मेर में कर्फ्यू जैसे हालात

Summary :

भारत-पाक तनाव: जैसलमेर-बाड़मेर में सुरक्षा कड़ी

भारत-पाकिस्तान सीमा पर तनाव के चलते जैसलमेर और बाड़मेर में लॉकडाउन जैसे हालात बन गए हैं। प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी कर बाजारों और प्रतिष्ठानों को बंद करने के आदेश दिए हैं। सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है, और नागरिकों से घरों में रहने की अपील की गई है। अफवाहों से बचने और आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की सलाह दी गई है।

भारत-पाकिस्तान सीमा पर बढ़ते तनाव और पाकिस्तान की ओर से ड्रोन हमलों की कोशिशों के बीच राजस्थान के सीमावर्ती जिलों जैसलमेर और बाड़मेर में लॉकडाउन जैसे हालात हो गए है। स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने मौजूदा स्थिति को देखते हुए एहतियाती कदम उठाए हैं, जिसके तहत दोनों जिलों में हाई अलर्ट घोषित किया गया है। जैसलमेर में शनिवार दोपहर अचानक सभी बाजारों, दुकानों, होटलों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को बंद करने के आदेश जारी किए गए। जिला प्रशासन ने नागरिकों से घरों में रहने और सतर्कता बरतने की अपील की है। पुलिस अधीक्षक स्वयं शहर की सड़कों पर निगरानी करते नजर आए, जबकि माइक के जरिए लोगों से शांति बनाए रखने और घर लौटने का अनुरोध किया गया। शहर के प्रवेश और निकास मार्गों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, और हर वाहन की गहन जांच की जा रही है। पुलिस गश्त को भी तेज कर दिया गया है ताकि किसी भी संभावित खतरे से निपटा जा सके।

सीमा तनाव के बीच राजस्थान में आपात कैबिनेट बैठक, सुरक्षा पर चर्चा

प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है। सोशल मीडिया और इंटरनेट पर फैल रही अपुष्ट खबरों के प्रति सतर्क रहने की चेतावनी भी जारी की है। सीमा से सटे इलाकों में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और भारतीय सेना की सक्रियता बढ़ा दी गई है। सूत्रों के अनुसार, यह कदम किसी बड़े खतरे की आशंका को देखते हुए उठाया गया है, हालांकि प्रशासन ने इसे एहतियाती कार्रवाई बताया है।

बाड़मेर में भी स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। यहां हाल के दिनों में ड्रोन गतिविधियों और संदिग्ध सामानों की बरामदगी ने प्रशासन को सतर्क कर दिया है। जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया है। स्थानीय लोगों से सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने को कहा गया है। भारत-पाक तनाव के बीच जैसलमेर और बाड़मेर में जनजीवन प्रभावित हुआ है। बाजारों में सन्नाटा पसरा है और सड़कों पर केवल सुरक्षा बलों की गाड़ियां ही नजर आ रही हैं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.